आज शाम की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 24 मार्च 2023 की खबरें और समाचार: खबरों के लिहाज से शुक्रवार का दिन काफी अहम रहा है. राहुल गांधी की संसद की सदस्यता को लोकसभा सचिवालय ने रद्द कर दिया है. अमृतपाल पर भारत ने कहा है कि विदेशी लोगों से आग्रह है, वो सोशल मीडिया पर कुछ तत्वों द्वारा शेयर किए जा रहे गलत बयानों के झांसे में न आएं. केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अनुराग ठाकुर ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया. उदयपुर में दिए गए बयान को लेकर बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री और देवकीनंदन ठाकुर पर FIR दर्ज की गई है. कनाडा में गुरुवार तड़के खालिस्तान समर्थकों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया.
राहुल गांधी की सांसदी गई, क्या केरल के वायनाड में दोबारा होंगे चुनाव?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद की सदस्यता को लोकसभा सचिवालय ने रद्द कर दिया है. सूरत सेशन कोर्ट ने मोदी सरनेम केस में विवादित बयान देने के मामले में उन्हें दोषी करार देते हुए दो साल की सजा सुनाई थी. लोकसभा सचिवालय का यह नोटिफिकेशन 23 मार्च से ही प्रभावी होगा, क्योंकि अदालत का फैसला उसी दिन आया था. राहुल गांधी अभी केरल के वायनाड लोकसभा सीट से सांसद हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि संसद की सदस्यता रद्द होने के बाद क्या वायनाड में दोबारा चुनाव होंगे?
'अलग आईपीसी और कोर्ट चाहता है राहुल गांधी परिवार,' संसद सदस्यता जाने पर बीजेपी का हमला
बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अनुराग ठाकुर ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस की है और राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने पर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया है. धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि मानहानि केस में राहुल को सजा हुई है. उन्होंने सार्वजनिक सभा में प्रधानमंत्री को लेकर जातिवाचक शब्दों से अपमानित किया था. कानून से ऊपर कोई नहीं है. कांग्रेस खासकर राहुल गांधी परिवार अपने लिए अलग आईपीसी चाहता है. धर्मेंद्र ने कहा कि भारत आजाद हो गया है और सामंतवादियों के हाथ में नहीं है. यहां प्रजातंत्र है. किसी को गाली-गलौज और जातिवाचक शब्दों का प्रयोग करने का अधिकार नहीं है.
अमृतपाल सिंह के मुद्दे पर कनाडा की विदेश मंत्री ने दिया बयान, अब आया भारत का जवाब
पंजाब में खालिस्तान समर्थक संगठन 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी को लेकर चल रही कार्रवाई पर कनाडा की विदेश मंत्री मेलानी जॉली की टिप्पणी का भारत ने जवाब दिया है. भारत ने कहा है कि विदेशी लोगों से आग्रह है, वो सोशल मीडिया पर कुछ तत्वों द्वारा शेयर किए जा रहे गलत बयानों के झांसे में न आएं.
बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री और देवकीनंदन ठाकुर पर FIR, उदयपुर में दिया था ये बयान
बागेश्वर धाम के बाबा धीरेंद्र शास्त्री और देवकीनंदन ठाकुर गुरुवार को उदयपुर में धर्मसभा में पहुंचे थे. इस दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कुंभलगढ़ के दुर्ग को लेकर एक विवादित बयान दिया. उन्होंने कहा कि हम डरते तो किसी के बाप से नहीं और कुंभलगढ़ के दुर्ग पर भी भगवा झंडा लगाकर रहेंगे. इसी बयान को लेकर धीरेंद्र शास्त्री और देवकीनंदन ठाकुर पर उदयपुर के हाथीपोल थाने में केस दर्ज हुआ है. एडिशनल एसपी चंद्रसेन ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है.
खालिस्तान समर्थकों ने कनाडा में गांधी की प्रतिमा को पहुंचाया नुकसान, लिखे मोदी विरोधी नारे
कनाडा में गुरुवार तड़के खालिस्तान समर्थकों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया. गांधी की प्रतिमा पर स्प्रे पेंट छिड़का गया और खालिस्तान समर्थक भित्तिचित्रों में अपमानजनक नारे लिखे गए. भित्तिचित्रों में प्रधानमंत्री मोदी के विरोध में भी बातें लिखी गई हैं. खालिस्तान समर्थकों ने ओंटारियो राज्य के हैमिल्टन शहर में सिटी हॉल के पास इसे अंजाम दिया, जहां साल 2012 से ही गांधी की प्रतिमा लगी है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह तोड़फोड़ गांधी की छह फुट ऊंची कांस्य की प्रतिमा के साथ की गई. इस प्रतिमा को भारत सरकार ने कनाडा को उपहार स्वरूप दिया था.
aajtak.in