भारत सरकार ने वायुसेना के लिए फ्रांस से 114 राफेल फाइटर जेट्स की खरीद की प्रक्रिया शुरू की. वहीं, आईसीसी ने क्रिकेट के नियमों में बदलाव करते हुए टेस्ट मैच में पिंक बॉल के ट्रायल को मंजूरी दी. इन खबरों के अलावा, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दक्षिण पश्चिम मॉनसून के 2 से 3 दिन में केरल पहुंचने की संभावना जताई. पढ़ें मंगलवार सुबह की बड़ी खबरें.
भारत ने फ्रांस को भेजा 114 राफेल लड़ाकू विमानों का 'लेटर ऑफ रिक्वेस्ट'
भारतीय वायु सेना के लिए फ्रांस से करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये में 114 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. भारत सरकार ने लेटर ऑफ रिक्वेस्ट को अंतिम रूप दे दिया है, जिसे आने वाले कुछ हफ्तों में फ्रांस सरकार को भेजा जाएगा. इन 114 विमानों में से लगभग 90 जेट्स भारत में ही मेक इन इंडिया के तहत बनेंगे.
ICC ने क्रिकेट के नियमों में किए बड़े बदलाव... टेस्ट में पिंक बॉल ट्रायल मंजूर, महिला क्रिकेट को भी मिलेगा नया मंच
आईसीसी ने क्रिकेट के कई नियमों में बदलाव को मंज़ूरी दी है, जो 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे. खराब रोशनी के कारण टेस्ट मैच रुकने की समस्या कम करने के लिए दोनों टीमों की सहमति से पिंक बॉल के इस्तेमाल का ट्रायल होगा. वहीं आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी 2027 अब जून-जुलाई की बजाय 14 से 28 फ़रवरी 2027 के बीच खेली जाएगी.
मॉनसून अपने तय समय से 2-3 दिन लेट, मौसम विभाग ने बताई ये बात
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब केरल से कुछ ही दूर है. अगले 2-3 दिनों में इसके केरल पहुंचने की संभावना है. सामान्य तौर पर मॉनसून 1 जून को दस्तक देता है, लेकिन इस बार थोड़ी देरी हुई है. अनुकूल मौसमीय परिस्थितियों के चलते मॉनसून केरल, लक्षद्वीप और अरब सागर के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ रहा है. पहले इसके 26 मई तक पहुंचने का अनुमान था.
दिग्विजय सिंह ने की पीएम मोदी की तारीफ, बोले- भरोसा है कि छात्रों के साथ अन्याय नहीं होगा
NEET विवाद के बीच शिक्षा मंत्रालय से जुड़ी संसदीय समिति की बैठक में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की. उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ अन्याय नहीं होगा और यह मुद्दा राजनीतिक नहीं है. बैठक में 21 जून को होने वाली NEET पुनर्परीक्षा की सुरक्षा, छात्रों का भरोसा बहाल करने तथा भविष्य की तैयारी पर चर्चा हुई.
IPL खत्म हुआ... अब टीम इंडिया का इम्तिहान होगा शुरू, ROKO भी दिखेंगे एक्शन में
टीम इंडिया जून में अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज़ खेलेगी. दोनों टीमों के बीच 6 जून को न्यू चंडीगढ़ में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा. इसके बाद दोनों टीमों के बीच 14, 17 और 20 जून को धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में तीन वनडे मुकाबले होंगे. इन तीनों मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली बल्ले से धांसू प्रदर्शन करना चाहेंगे.
अमेरिका से शांति वार्ता पर लगा ब्रेक, इजरायल का एक कदम और भड़क गया ईरान
इज़रायल, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने और संभावित युद्धविराम को लेकर बातचीत की ख़बरों के बीच नया विवाद खड़ा हो गया. लेबनान में इज़रायली कार्रवाई के बाद ईरान ने कड़ा रुख़ अपनाते हुए शांति वार्ता से इनकार किया. वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि ईरान वार्ता चाहता है, लेकिन कुछ मुद्दों पर सहमति अभी बाकी है.
भीषण बारिश से प्रभावित किसानों को राहत, दिल्ली सरकार ने बढ़ाया मुआवजा
दिल्ली में भारी बारिश से फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को बड़ी राहत मिली है. अगस्त-सितंबर 2025 में हुए नुकसान के लिए दिल्ली सरकार ने मुआवज़ा बढ़ाकर ₹75,000 प्रति हेक्टेयर कर दिया है. 2015 से लागू पुरानी दर में बदलाव के इस फ़ैसले से करीब 10,000 किसान परिवारों को लाभ मिलेगा. सरकार ने राहत योजना के लिए ₹33.32 करोड़ मंज़ूर किए हैं.
French Open 2026: इस खिलाड़ी ने महिला अंपायर पर की अभद्र टिप्पणी, लगा लाखों का जुर्माना
फ्रेंच ओपन में पराग्वे की खिलाड़ी एडोल्फो वैलेजो को महिला चेयर अंपायर पर अभद्र टिप्पणी करना बेहद महंगा पड़ गया. आयोजकों ने उन पर 65,000 यूरो यानी लगभग 71.70 लाख रुपये का भारी जुर्माना ठोक दिया. फ्रेंच ओपन डायरेक्टर एमिली मौरेस्मो ने कहा कि वैलेजो की टिप्पणियां पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और टेनिस में ऐसी सोच के लिए कोई जगह नहीं है.
कोलकाता में ममता बनर्जी को नहीं मिली धरने की इजाजत, मंच बनाने का सामान पुलिस ने हटाया- TMC का दावा
कोलकाता में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रस्तावित धरने से पहले सियासत गरमा गई है. तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि पुलिस ने 2 जून को होने वाले धरने की अनुमति नहीं दी. इतना ही नहीं, रानी रासमणि एवेन्यू पर मंच बनाने के लिए लाया गया सामान भी वहां से हटवा दिया गया. यह धरना टीएमसी नेताओं पर हुए हमलों के विरोध में किया जाना था.
अब अमेरिका जाना आसान नहीं! अफ्रीका में ट्रंप सरकार ने 50 से घटाकर 20 किए दूतावास
ट्रंप प्रशासन ने अफ़्रीकी नागरिकों को बड़ा झटका देते हुए अफ्रीका में वीज़ा प्रोसेसिंग केंद्रों की संख्या घटाने की तैयारी की है. मौजूदा करीब 50 अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में से केवल 20 को वीज़ा सेवाओं के लिए रखा जाएगा. खबर है कि यह बदलाव जून 2026 में लागू हो सकता है, हालांकि इसकी अंतिम तारीख़ अभी तय नहीं हुई है.
aajtak.in