मुंबई के भायखला इलाके में एक छोटा सा सड़क का झगड़ा अचानक इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस तक पहुंच गया और अब इसमें गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं. मामला पानी के छींटे से शुरू हुआ था, लेकिन कुछ ही मिनटों में ये बहस से मारपीट में बदल गया. इस मामले में पूर्व क्रिकेटर और टीएमसी सांसद यूसुफ पठान के ससुर खालिद खान, उनके बेटे उमरशाद और एक अन्य रिश्तेदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि इन लोगों ने एक शख्स और उसके परिवार पर लाठियों और बेसबॉल बैट से हमला किया.
पूरी घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की है. यूसुफ खान नाम का एक शख्स अपनी गाड़ी से घर लौट रहा था. सड़क पर गड्ढा होने की वजह से कार का पहिया उसमें गया और गंदा पानी सड़क पर खड़े शोएब खान पर जा गिरा. यूसुफ ने इंसानियत दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोकी और शोएब से माफी भी मांगी, लेकिन शोएब का गुस्सा सातवें आसमान पर था. उन्होंने न सिर्फ गाली-गलौज की बल्कि बांस की लकड़ी से कार का शीशा भी तोड़ दिया और यूसुफ खान के साथ मारपीट शुरू कर दी.
कुछ देर बाद यह मामला यहीं नहीं रुका. बताया जा रहा है कि यूसुफ खान अपने परिवार के साथ पुलिस स्टेशन जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मुलाकात दूसरे पक्ष के लोगों से हो गई. इसी दौरान दोनों तरफ से फिर बहस शुरू हो गई और मामला और गंभीर हो गया.
बीच सड़क पर गुंडागर्दी
पुलिस के अनुसार, इस दौरान TMC सांसद यूसुफ पठान के ससुर खालिद खान, उनके बेटे उमरशाद खान और एक अन्य रिश्तेदार शहबाज पठान भी मौके पर मौजूद थे. आरोप है कि बहस बढ़ने के बाद बांस की लाठियों और बेसबॉल बैट से हमला किया गया. इस हमले में कई लोग घायल हुए. यूसुफ खान के साले का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि एक अन्य रिश्तेदार को भी गंभीर चोटें आईं. हालांकि, पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया. एक आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है. सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
वहीं दूसरी तरफ बचाव पक्ष का कहना है कि यह मामला दोनों तरफ से हुए झगड़े का है और पुलिस ने एक ही पक्ष की बात को ज्यादा आगे रखा है. उनका दावा है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला किया. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और बरामद सामान के आधार पर आगे की जांच कर रही है. मामला अब पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया में है और जांच जारी है.
दीपेश त्रिपाठी