मॉनसून के चलते देश के अधिकांश राज्यों में बारिश का कहर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने शनिवार को मुंबई में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मुंबई के कई इलाकों में आज सुबह भारी बारिश दर्ज की गई. कुर्ला, चेम्बूर, अंधेरी में भारी जलजमाव हो गया हो गया. इसके चलते अंधेरी सबवे को कुछ देर के लिए बंद भी करना पड़ा.
मुंबई के निचले इलाकों में भारी जलजमाव
शुक्रवार को भी मुंबई में भारी बारिश दर्ज की गई.अंधेरी, कुर्ला, घाटकोपर, चेंबूर और कुछ अन्य स्थानों के निचले इलाकों में जलभराव हो गया. इसके चलते बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) लिमिटेड ने 12 से अधिक मार्गों पर बसों को डायवर्ट किया.
शुक्रवार को कितनी हुई बारिश?
शुक्रवार को 9 घंटे में सांताक्रुज वेदर ब्यूरो में 100 एमएम से ज्यादा बारिश दर्ज की गई. आईएमडी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह 8.30 से शाम 5.30 बजे तक उपनगर में औसतन 115.2 एमएम, जबकि (कोलाबा वेदर ब्यूरो) शहर में औसतन 92.2 एमएम बारिश दर्ज की गई है.
भारी बारिश के चलते यातायात बाधित
भारी बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक जाम की स्थिति देखी गई. इसके चलते यातायात लंबे समय तक बाधित रहा. अंधेरी और दहिसर सबवे में कुछ समय के लिए पानी भर गया. फिलहाल, उपनगरीय लोकल ट्रेन नेटवर्क सामान्य रूप से काम कर रहे हैं. इसके अलावा लोगों को समुंद्र के नजदीक ना जाने की सलाह दी गई है.
मुंबई में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी शनिवार को मुंबई में न्यूनतम 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री हो सकता है. आसमान में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान भारी बारिश की आशंका है.
रायगढ़, ठाणे और पालघर में बारिश को लेकर रेड अलर्ट
मुंबई के साथ-साथ रायगढ़, ठाणे और पालघर जैसे पड़ोसी जिले में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. ठाणे और पालघर में लगातार दूसरे दिन सभी स्कूल बंद करने का आदेश दिया गया. आईएमडी ने मुंबई, ठाणे, पालघर और पुणे में आज भारी बारिश की भविष्यवाणी की है. वहीं, महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में भारी से बहुत भारी बारिश देखने को मिल सकती है.
aajtak.in