मालेगांव की डिप्टी मेयर ने दफ्तर से हटाई टीपू सुल्तान की तस्वीर, शिवसेना-BJP ने दिया था अल्टीमेटम

महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव में डिप्टी मेयर निहाल अहमद के कार्यालय में टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाए जाने से बड़ा विवाद खड़ा हो गया. भाजपा और शिवसेना ने इस कदम की आलोचना की, जिसके बाद विरोध बढ़ने के डर से तस्वीर हटा दी गई.

Advertisement
मालेगांव की डिप्टी मेयर निहाल अहमद ने विरोध के बाद कार्यालय से टीपू सुल्तान की तस्वीर हटाई. (Photo: X/@BJP4Maharashtra) मालेगांव की डिप्टी मेयर निहाल अहमद ने विरोध के बाद कार्यालय से टीपू सुल्तान की तस्वीर हटाई. (Photo: X/@BJP4Maharashtra)

दीपेश त्रिपाठी

  • मालेगांव ,
  • 15 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 5:49 PM IST

महाराष्ट्र के नासिक जिले के मुस्लिम बहुल शहर मालेगांव में नव-निर्वाचित डिप्टी मेयर के कार्यालय में टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाए जाने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया. डिप्टी मेयर निहाल अहमद द्वारा यह तस्वीर कार्यालय में रखे जाने के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं. बीजेपी ने टीपू सुल्तान की तस्वीर हटाने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था. बढ़ते विरोध को देखते हुए निहाल अहमद ने अपने कार्यालय से तस्वीर हटा दी. 

Advertisement

टीपू सुल्तान (1751–1799) मैसूर रियासत के शासक थे और उन्हें ‘शेर-ए-मैसूर’ के नाम से जाना जाता है. उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ चार एंग्लो-मैसूर युद्ध लड़े. जहां एक ओर उन्हें ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ लड़ने वाला योद्धा माना जाता है, वहीं दक्षिण भारत के कई हिस्सों में हिंदुओं के साथ कथित अत्याचारों को लेकर वह एक विवादित ऐतिहासिक व्यक्तित्व भी रहे हैं. हाल ही में हुए मालेगांव नगर निगम चुनावों में इस्लाम पार्टी की शेख नसीरीन खालिद मेयर चुनी गईं, जबकि निहाल अहमद डिप्टी मेयर बनीं.

यह भी पढ़ें: मालेगांव नगर निगम में टीपू सुल्तान की फोटो पर विवाद... BJP-शिवसेना ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

निहाल अहमद द्वारा अपने कार्यालय में टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाए जाने के बाद भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने इस कदम की कड़ी आलोचना की. शिवसेना के गुट नेता नीलेश आहेर ने इस मुद्दे को मालेगांव नगर प्रशासन के सामने उठाया. विवाद पर सफाई देते हुए डिप्टी मेयर ने कहा कि यह तस्वीर उन्हें उनके पार्षदों द्वारा भेंट की गई थी और उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं है. उन्होंने कहा कि टीपू सुल्तान एक स्वतंत्रता सेनानी थे जिन्होंने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी और सरकार ने भी एक हलफनामे में इसका उल्लेख किया है.

Advertisement

भाजपा मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार ने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें शहरों की पहचान बदलने की कोशिश कर रही हैं. वहीं शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने इसे हिंदू समाज और देश के महान नायकों का अपमान बताया. वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस नेता सचिन सावंत का कहना है कि बीजेपी अपने ध्रुवीकरण का एजेंडा चलाने के लिए टीपू सुल्तान पर राजनीति करती है. उन्होंने कहा कि टीपू सुल्तान भगवान राम के नाम वाली अंगूठी पहनते थे. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी अब टीपू सुल्तान को धार्मिक विभाजन पैदा करने की रणनीति लिए नकारात्मक रूप से पेश कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement