महाराष्ट्र के ठाणे में स्थित येऊर जंगल में वन्यजीवों के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है. यहां दो बंदरों को तीर मारकर घायल कर दिया गया. वन विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं.
एजेंसी के अनुसार, हाल ही में दो अलग-अलग घटनाओं में बोनट मकाक प्रजाति के बंदरों को निशाना बनाया गया. दोनों घटनाएं महज दो दिनों के अंतराल में सामने आईं. एक बंदर के गले में तीर लगा मिला, जबकि दूसरे के जबड़े में तीर धंसा हुआ था.
वन विभाग की ओर से बुधवार को जारी एक बयान में बताया गया कि घटना की जानकारी मिलते ही वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और घायल बंदरों को रेस्क्यू कर इलाज के लिए भेजा गया. फिलहाल दोनों बंदरों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है.
यह भी पढ़ें: 8000 फीट की ऊंचाई पर रहने वाले हिरण का शिकार... मांस पकाने की तैयारी में थे आरोपी, 14 गिरफ्तार
इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत केस दर्ज किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि वन्यजीवों के प्रति अमानवीय व्यवहार भी है.
आरोपियों को पकड़ने के लिए वन विभाग ने तीन स्पेशल टीमें बनाई हैं, जो इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं और हर संभावित सुराग तलाश रही हैं. इसके साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
वन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई भी पुख्ता जानकारी हो, तो वह आगे आए. जानकारी देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा. अधिकारियों ने साफ कहा है कि इस मामले को लेकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
aajtak.in