रोहित शेट्टी फायरिंग केस में पुलिस जांच के दौरान नया अपडेट सामने आया है. इस मामले में शुभम लोनकर के अलावा आरजू बिश्नोई का नाम भी सामने आया है. पुलिस के अनुसार आरजू बिश्नोई गिरफ्तार आरोपियों के संपर्क में था. इस केस में शुभम लोनकर और आरजू बिश्नोई को वांटेड आरोपी घोषित किया गया है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक फायरिंग की मुख्य भूमिका निभाने वाला मेन शूटर दीपक शर्मा था. दीपक के परिवार की स्थिति को लेकर भी कई जानकारियां सामने आई हैं. बताया जा रहा है कि दीपक दो भाइयों और तीन बहनों वाला परिवार से है. उसकी छोटी बहन की पिछले साल शादी हुई थी, जिसके लिए परिवार को घर गिरवी रखकर कर्ज लेना पड़ा था.
रोहित शेट्टी फायरिंग केस में नया अपडेट
इसके अलावा दीपक की एक बहन को बीमारी होने के कारण उसके पति ने छोड़ दिया था और अब उसकी जिम्मेदारी भी दीपक के कंधों पर है. पैसों की जरूरत की वजह से दीपक इस अपराध को करने के लिए राजी हुआ. पुलिस सूत्रों ने बताया कि फायरिंग से पहले दीपक डर गया था. इसी वजह से उसने शराब खरीदी, शराब पी और फिर फायरिंग को अंजाम दिया.
अब तक की पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि फायरिंग के लिए दीपक और उसके तीन साथियों को कुल तीन लाख रुपये देने का वादा किया गया था. इसमें से 50 हजार रुपये की पहली किस्त पहले ही दी जा चुकी थी. जांच में यह भी सामने आया है कि पुलिस के मुताबिक शुरुआत में रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के लिए शुभम लोनकर और आरजू बिश्नोई ने सुमित कुशवाहा नाम के व्यक्ति से संपर्क किया था.
डर के मारे शराब पी, फिर की फायरिंग
हालांकि किसी कारणवश सुमित ने यह काम नहीं किया. इसके बावजूद सुमित पुलिस के रडार पर है और उसकी आरोपियों से जान पहचान बताई जा रही है. वहीं मामले में गिरफ्तार आरोपी सनी का इंस्टाग्राम अकाउंट भी सामने आया है. पुलिस सोशल मीडिया कनेक्शन और आरोपियों के नेटवर्क की जांच कर रही है. रोहित शेट्टी फायरिंग केस में पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है और वांटेड आरोपियों की तलाश जारी है.
दिव्येश सिंह