प्रिंसिपल को POCSO में फंसाने की धमकी, 7 लाख वसूले, 'रील स्टार' लेडी कॉन्स्टेबल सहित 3 पुलिसकर्मी फंसे

सोशल मीडिया पर 'रील स्टार' के नाम से फेमस एक लेडी कॉन्स्टेबल समेत तीन पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगे हैं. 55 साल के एक स्कूल प्रिंसिपल का कहना है कि इन लोगों ने POCSO एक्ट में फंसाने की धमकी देकर 7 लाख रुपये की उगाही की है. आरोपियों की पहचान पुलिस सब-इंस्पेक्टर अजीत बड़े, कॉन्स्टेबल सुदाम तायडे और दामिनी स्क्वॉड की सदस्य सोनाली हिंगे के तौर पर हुई है.

Advertisement
गुड टच-बैड टच जागरूकता कार्यक्रम में गए थे आरोपी. (Photo: ITG) गुड टच-बैड टच जागरूकता कार्यक्रम में गए थे आरोपी. (Photo: ITG)

ओमकार

  • पुणे,
  • 09 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 1:45 PM IST

महाराष्ट्र के पुणे से एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां पुलिसकर्मी ही उगाही के आरोपों में घिर गए हैं. इस मामले में एक महिला पुलिस कॉन्स्टेबल समेत तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है. आरोप है कि इन लोगों ने एक स्कूल प्रिंसिपल को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और उससे 7 लाख रुपये वसूल लिए. लेडी कॉन्स्टेबल सोशल मीडिया पर ‘रील स्टार’ के रूप में मशहूर है.

Advertisement

आरोपियों की पहचान पुलिस सब-इंस्पेक्टर अजीत बडे, कॉन्स्टेबल सुदाम तायड़े और दामिनी स्क्वाड की सदस्य सोनाली हिंगे के रूप में हुई है. सोनाली हिंगे इंस्टाग्राम पर भी काफी एक्टिव हैं और उनके करीब 40 हजार फॉलोअर्स हैं. यह केस पुणे के बंडगार्डन पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है.

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुणे के एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान के 55 वर्षीय प्रिंसिपल को निशाना बनाया. उन्होंने प्रिंसिपल को यह कहकर डराया कि उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर मामला दर्ज किया जाएगा. इस कानून के तहत मामला दर्ज होने पर गिरफ्तारी और सामाजिक बदनामी का खतरा रहता है, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने दबाव बनाया.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में पुलिसवालों पर केस, गुरुग्राम में पति ने पत्नी को मारा

आरोपियों ने पुलिस की वर्दी और पद का दुरुपयोग करते हुए प्रिंसिपल को यह भरोसा दिलाया कि अगर वह पैसे दे देंगे तो मामला सेटल कर दिया जाएगा और उन्हें किसी कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़ेगा. इस डर और दबाव में आकर प्रिंसिपल ने आरोपियों को 7 लाख रुपये दे दिए.

Advertisement

हालांकि, बाद में प्रिंसिपल को इस पूरे मामले पर शक हुआ. उन्हें लगा कि उनके साथ धोखा किया गया है. इसके बाद उन्होंने हिम्मत जुटाकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई.

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी पुलिसकर्मी स्कूल में गुड टच-बैड टच जागरूकता कार्यक्रम के नाम पर पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने मौके का फायदा उठाकर प्रिंसिपल को टारगेट किया और बाद में उन्हें धमकाकर पैसे वसूल लिए.

यह भी पढ़ें: 'पैसा दो और प्रैक्टिकल के नंबर बढ़वाओ...', बगहा में छात्रों से अवैध उगाही करते टीचर का वीडियो वायरल

आरोपी अजीत बडे वर्तमान में साइबर पुलिस स्टेशन में तैनात है, जबकि सोनाली हिंगे और सुदाम तायड़े शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन से जुड़े हुए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने जांच के आदेश दिए.

शुरुआती जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इस तरह की घटनाओं में और लोग भी शामिल हैं या नहीं. सोशल मीडिया पर ‘रील स्टार’ के रूप में पहचान रखने वाली कॉन्स्टेबल का इस तरह के मामले में नाम आना चर्चा में है. फिलहाल, पुलिस का कहना है कि फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement