मुंबई में समुद्री कचरे को हटाने के लिए बिना चालक वाली नौकाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है. बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने गेटवे ऑफ इंडिया और बधवार पार्क में तैरते समुद्री कचरे को हटाने के लिए दो इलेक्ट्रिक नौकाएं तैनात की हैं. बीएमसी का दावा है कि इनकी मदद से रोजाना लगभग 80 से 90 किलोग्राम तैरता कचरा इकट्ठा किया जाता है.
इसी के साथ मुंबई नगर निगम देश का पहला ऐसा नगर निकाय बन गया है, जिसने तटीय क्षेत्र और उसके आसपास के इलाकों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया है.
जानकारी के मुताबिक, इन नौकाओं के संचालन से हरदिन लगभग 80 से 90 किलोग्राम तैरता हुआ कचरा इस क्षेत्र से इकट्ठा किया जाता है. यह पहल मुंबई में स्वच्छता और ठोस कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए उठाए जा रहे कई कदमों का हिस्सा मानी जा रही है.
रिमोट कंट्रोल नाव
रिमोट कंट्रोल नाव में दूर से ही कचरा उठा सकते हैं. इस आधुनिक तकनीक के अधिक जानकारी देते हुए प्रोजेक्ट हेड निलेश वाकोडे ने कहा, 'कचरा खुद उठाना ज्यादा समय लेने वाला काम होता है. इसलिए इस बिना चालक वाली नाव का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसे रिमोट कंट्रोल से चलाया जाता है. समुद्र तट पर दिखने वाले कचरे को इकट्ठा करके अलग-अलग करके रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जाता है.'
निलेश ने कहा कि, 'इससे पर्यटकों के लिए समुद्र की सुंदरता बढ़ती है और समुद्र में प्लास्टिक की मात्रा कम होती है. इस नाव की रेंज लगभग 500 मीटर है. यह नाव बैटरी से चलती है और इसमें सोलर पैनल भी लगे हैं.'
मुस्तफा शेख