पति ने पत्नी को दिया चलती ट्रेन के आगे धक्का, 150 CCTV कैमरों की मदद से 20 घंटे में आरोपी अरेस्ट

मुंबई के मुलुंड स्टेशन पर एक पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी को लोकल ट्रेन के सामने धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने 150 सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी जांच की मदद से 20 घंटे के भीतर उसे सूरत से गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement
पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार (Photo: Abhijit/ITG) पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार (Photo: Abhijit/ITG)

अभिजीत करंडे

  • मुंबई ,
  • 17 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:05 PM IST

मुंबई में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी ही पत्नी को चलती लोकल ट्रेन के सामने धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया. यह वारदात मुलुंड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर हुई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 20 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान राजू अवधराम गुप्ता के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 42 साल बताई जा रही है. मृतका का नाम पुष्पा है, जो उसकी पत्नी थी. घटना के वक्त दोनों के बीच विवाद हुआ था, जो इतना बढ़ गया कि उसने इस खौफनाक कदम को अंजाम दे दिया.  

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता कमलेशकुमार गुप्ता अपनी बहन पुष्पा और भांजे के साथ उत्तर प्रदेश के देवरिया से मुंबई आए थे. 14 मार्च 2026 को पुष्पा और उसके पति राजू गुप्ता के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था. मामला इतना बढ़ गया कि दोनों मुलुंड पुलिस थाने तक पहुंच गए और शिकायत दर्ज कराई.

मामूली झगड़े में पत्नी को लोकल ट्रेन के आगे धक्का दिया

थाने से बाहर निकलने के बाद कमलेशकुमार अपना भूला हुआ वॉलेट लेने घर चले गए. इसी दौरान मुलुंड रेलवे स्टेशन पर राजू गुप्ता ने अपनी पत्नी को निशाना बनाया. जैसे ही प्लेटफॉर्म पर लोकल ट्रेन आई, उसने पुष्पा को सीधे पटरी पर धक्का दे दिया. ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया.

Advertisement

इस सनसनीखेज वारदात के बाद रेलवे पुलिस हरकत में आ गई. क्राइम ब्रांच, एसटीएफ, ठाणे, दादर और वडाला यूनिट की विशेष टीमें बनाई गईं और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने घटना के बाद अपना मोबाइल बंद कर दिया था ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके. सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया. जांच में सामने आया कि वह मुलुंड से ठाणे भागा और वहां से फास्ट लोकल पकड़कर दादर पहुंचा. दादर से उसने पश्चिम रेलवे की ट्रेन पकड़ी और विरार की ओर निकल गया.

तकनीकी टीम ने विरार और आसपास के रेलवे स्टेशनों के करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इन फुटेज के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी गुजरात जाने वाली ट्रेन में सवार हो चुका है. इसके बाद पुलिस ने तुरंत अपनी रणनीति बदली और गुजरात में कार्रवाई की तैयारी शुरू की. लोहमार्ग मुंबई पुलिस ने एक टीम को गुजरात रवाना किया और सूरत की स्थानीय अपराध शाखा के साथ मिलकर जाल बिछाया. आखिरकार पुलिस ने आरोपी राजू अवधराम गुप्ता को सूरत से हिरासत में ले लिया.

पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि घरेलू कलह और लगातार हो रहे झगड़ों से परेशान होकर उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी. पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का केस दर्ज किया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है. यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि मामूली विवाद और गुस्से में लिया गया फैसला किस तरह एक परिवार को बर्बाद कर सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement