हिमाचल प्रदेश के शिमला में शुक्रवार को वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा टैक्सी चालक को लात मारने का वीडियो सामने आया है. यह घटना उस समय हुई जब सड़क किनारे एक टैक्सी और बाइक पार्क थी और पुलिसकर्मी ने वाहन हटाने के लिए चालक से कहा.
बताया गया कि टैक्सी चालक ने पुलिसकर्मी से कहा कि वह दोनों गाड़ियां एक साथ नहीं हटा सकता. इस पर पुलिस ने चालान काटने की बात कही, जिसके बाद विवाद बढ़ गया. इसी दौरान टैक्सी चालक ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया और पुलिसकर्मी से उसका नाम पूछने लगा.
यह भी पढ़ें: शिमला में धार्मिक समारोह के दौरान 26 वर्षीय युवती की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
वीडियो में देखा गया कि पुलिस के एएसआई प्यार सिंह ने अचानक टैक्सी चालक को लात मार दी. यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड हो गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं. वीडियो में एक पुलिस अधिकारी को ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर एक व्यक्ति के साथ अत्यधिक और अनुचित बल प्रयोग करते हुए देखा गया.
मामला सामने आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इसे गंभीरता से लिया. जिला शिमला पुलिस ने ‘शून्य सहिष्णुता’ की नीति अपनाते हुए संबंधित सहायक उप-निरीक्षक (ASI) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए की गई है.
देखें वीडियो...
विभागीय जांच भी शुरू
जिला शिमला के एएसपी हेडक्वार्टर अभिषेक ने बताया कि मामले में संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है.
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शक्ति के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
विभाग ने कहा कि पेशेवर, विधिसम्मत और मानवीय पुलिसिंग के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे. जिला पुलिस ने दोहराया कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आम जनता का विश्वास बना रहे और कानून का शासन कायम रह सके.
विकास शर्मा