'मैं दादा जी के पास जा रही हूं... मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना', 16 वर्षीय छात्रा ने की खुदकुशी

गुरुग्राम के गांव मोकलवास में 16 वर्षीय छात्रा नेहा ने जोहड़ में कूदकर आत्महत्या कर ली. सुसाइड नोट में उसने लिखा था कि शमशान घाट वाले जोहड़ में तलाश करना, वहीं मिलेगी. पुलिस ने एनडीआरएफ की मदद से शव बरामद किया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.

Advertisement
16 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या. (Photo: Representational) 16 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या. (Photo: Representational)

नीरज वशिष्ठ

  • गुरुग्राम,
  • 16 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 6:08 PM IST

साइबर सिटी गुरुग्राम के गांव मोकलवास में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. गांव की 16 वर्षीय लड़की ने जोहड़ में कूदकर खुदकुशी कर ली. मृतका की पहचान नेहा के रूप में हुई है, जो मैत्री स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी. 

पुलिस के अनुसार, नेहा 11 फरवरी की देर रात स्कूल ड्रेस पहनकर घर से बाहर निकली थी और इसके बाद लापता हो गई. परिजनों ने तुरंत थाना बिलासपुर में सूचना दी, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी.

Advertisement

16 वर्षीय लड़की ने की खुदकुशी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में नेहा स्कूल ड्रेस में अकेले जाते हुए दिखाई दी, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला. नेहा के पिता ने बेटी का पता बताने वाले को एक लाख रुपये इनाम देने की घोषणा भी की थी.

तफ्तीश के दौरान पुलिस को नेहा के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला. इसमें लिखा था, मम्मी पापा मुझे माफ कर देना. मैं दादा जी के पास जा रही हूं. मुझे तलाश न करना. अगर तलाश करना ही है तो शमशान वाले जोहड़ में कर लेना, मैं वहीं मिलूंगी.

सुसाइड नोट पढ़कर परिजन सदमे में आ गए. इसके बाद पुलिस और परिजन सीधे शमशान घाट के पास स्थित जोहड़ पर पहुंचे. एनडीआरएफ की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया और इसी दौरान नेहा का शव जोहड़ से बरामद कर लिया गया. पुलिस के मुताबिक डूबने से उसकी मौत हुई थी. 

Advertisement

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और फिर परिजनों के हवाले कर दिया. गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नेहा ने आत्महत्या क्यों की. पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement