'अब नहीं आऊंगा दोस्त', LPG संकट के बीच सूरत से घर लौटते शख्स का VIDEO रुला देगा

मिडिल-ईस्ट संघर्ष से पैदा एलपीजी संकट का असर गुजरात के सूरत में साफ दिख रहा है, जहां उधना रेलवे स्टेशन पर मजदूरों की भारी भीड़ उमड़ी. रोजगार ठप होने से लोग घरों की ओर लौट रहे हैं. गैस की कमी से टेक्सटाइल उद्योग प्रभावित हुआ, उत्पादन घटा और लाखों मजदूर शहर छोड़ चुके हैं. ट्रेनों में चढ़ने के लिए अफरातफरी मच गई. भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. इस बीच एक वीडियो वायरल हुए जिसमें शख्स कहता है कि अब नहीं आऊंगा.

Advertisement
सूरत में हजारों की भीड़ ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पर उमड़ पड़ी. Photo ITG  सूरत में हजारों की भीड़ ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पर उमड़ पड़ी. Photo ITG

संजय सिंह राठौर

  • सूरत,
  • 19 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:25 PM IST

मिडिल-ईस्ट में चल रहे संघर्ष का असर अब भारत में भी नजर आने लगा है. एलपीजी की कमी के चलते कई इलाकों में हालात बिगड़ गए हैं, जिससे कारोबार और उद्योग प्रभावित हो रहे हैं. फैक्ट्रियां बंद होने लगी हैं और बड़ी संख्या में मजदूर अपने घरों की ओर लौटने को मजबूर हैं. इसी बीच रविवार को सूरत के उधना रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी. यूपी और बिहार जाने वाली ट्रेनों में सीट पाने के लिए हजारों लोग जुट गए. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई.

Advertisement

इस बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया जिसने भीतर तक झकझोर कर रख दिया. वापस लौटता एक युवक बेहद भारी मन से कह रहा है कि अब वापस नहीं आऊंगा. भीड़ के साथ ट्रेन पकड़ने जाता शख्स कहता है, 'अब नहीं आऊंगा दोस्त, अब नहीं आऊंगा, बता देना.' वीडियो में उसकी बेबसी, उसका दर्द झलकता है. न जाने कितने लोग काम की तलाश में परदेश आते हैं और फिर काम न मिलने या रोजगार छिनने के बाद घर लौट जाते हैं.

गैस सिलेंडर की कमी से उद्योगों पर पड़ा असर
मालूम हो कि गैस की कमी का सीधा असर सूरत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री पर पड़ा है. उद्योग में काम करने वाले करीब 30 प्रतिशत मजदूर, यानी लगभग 3 लाख लोग, शहर छोड़ चुके हैं. इसका असर उत्पादन पर भी पड़ा है, जो पहले रोजाना 6.5 करोड़ मीटर था, वह घटकर 4.5 करोड़ मीटर रह गया है. उद्योग को रोजाना करीब 15 हजार गैस सिलेंडर की जरूरत होती है, लेकिन सप्लाई सुस्त रहने से संकट और गहरा गया है. यदि हालात जल्द नहीं सुधरे, तो और मजदूरों के पलायन और उद्योग को बड़े नुकसान की आशंका बनी हुई है.

आरपीएफ ने हल्का बल प्रयोग किया 
बता दें कि सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे उधना-हसनपुर ट्रेन के लिए यात्रियों को लाइन में खड़ा किया जा रहा था. तभी कुछ लोगों ने नियम तोड़ते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की, जिससे व्यवस्था बिगड़ गई. हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस और आरपीएफ के जवानों को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. वायरल हो रहे वीडियो में यात्री पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए लोहे की बैरिकेडिंग पार करते नजर आ रहे हैं.

Advertisement

21 हजार से अधिक यात्रियों को भेजने का दावा
रेलवे के अधिकारी अनुभव सक्सेना के अनुसार, दोपहर तक छह ट्रेनों के माध्यम से 21 हजार से अधिक यात्रियों को रवाना किया जा चुका था. इसके बावजूद भीड़ इतनी ज्यादा थी कि व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो गया. बार-बार अपील के बावजूद लोग कतार में नहीं रह पाए, जिसके चलते सख्ती करनी पड़ी.

काम धंधा हुआ बंद, नहीं है रोजगार!
इस भारी भीड़ के पीछे सिर्फ गर्मी की छुट्टियां ही वजह नहीं हैं. बीते एक-दो महीनों से एलपीजी की कमी के चलते कामगारों का पलायन लगातार जारी है. छुट्टियों और गैस संकट, दोनों कारणों ने यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ा दी है, जिससे रेलवे की व्यवस्थाएं कमजोर पड़ती नजर आ रही हैं.

रेलवे का अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का दावा
अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा रही हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. लेकिन जब कुछ लोग नियमों का उल्लंघन करते हैं, तो व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाना जरूरी हो जाता है.

गौरतलब है कि रेलवे स्टेशनों पर भीड़ पहले भी देखी गई है, लेकिन इस बार हालात अलग हैं. एलपीजी संकट के चलते रोजगार प्रभावित हुआ है, जिससे मजदूरों का अपने घरों की ओर लौटना तेज हो गया है. अब गर्मी की छुट्टियों ने इस स्थिति को और गंभीर बना दिया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement