दक्षिणी दिल्ली के वसंत एन्क्लेव इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जहां भारतीय सेना के एक सेवारत ब्रिगेडियर और उनके बेटे के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई. बताया जा रहा है कि यह घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है, जब ब्रिगेडियर अपने बेटे के साथ सोसाइटी के पास टहल रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर एक खड़ी कार पर पड़ी, जिसमें 2 लोग खुलेआम शराब पी रहे थे.
पब्लिक प्लेस पर शराब पीने से रोकने पर की गई पिटाई
जानकारी के मुताबिक ब्रिगेडियर ने जब इन लोगों को पब्लिक प्लेस पर शराब पीने से रोका तो बात यहीं से बिगड़ गई. आरोप है कि कार में मौजूद दोनों युवकों ने अपने साथियों को फोन कर बुला लिया. जिसके बाद कुछ ही देर में 7-8 लोग अलग-अलग गाड़ियों से वहां पहुंच गए और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया.
यह भी पढ़ें: होटल के बाहर युवती की पिटाई, बिलासपुर में युवक ने बीच सड़क लात-घूंसों से पीटा- VIDEO
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने ब्रिगेडियर के बेटे पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. बीच-बचाव करने आए ब्रिगेडियर के साथ भी बदसलूकी और धक्का-मुक्की की गई. सबसे हैरान करने वाली बात यह बताई जा रही है कि घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
मौके पर पहुंची पुलिस ने भी नहीं की कोई कार्रवाई
परिवार की तरफ से 112 पर कॉल करने के बाद PCR वैन मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि पुलिसकर्मी सिर्फ तमाशबीन बने रहे और हमलावरों को रोकने की कोशिश नहीं की. घटना के बाद जब पीड़ित परिवार वसंत विहार थाने पहुंचा और FIR दर्ज कराने की कोशिश की, तो शुरुआत में उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई. इतना ही नहीं, उन्हें तुरंत मेडिकल सहायता भी नहीं दी गई. बाद में घायल ब्रिगेडियर और उनके बेटे को इलाज के लिए सैन्य अस्पताल ले जाया गया.
इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है. बताया जा रहा है कि ब्रिगेडियर ने अपने करियर में कश्मीर और एलओसी जैसे संवेदनशील इलाकों में सेवा दी है. फिलहाल दिल्ली पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
अरविंद ओझा