'थप्पड़ क्यों मारा...', पूछने गया नाबालिग, तो चाकुओं से गोदकर कर दी गई हत्या

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर थाना क्षेत्र के गौतम विहार में मामूली विवाद के बाद 16 वर्षीय अयान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. परिजनों के मुताबिक थप्पड़ मारने की वजह पूछने गए अयान पर आरोपी युवक ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

Advertisement
दिल्ली में नाबालिग की हत्या से सनसनी. (Screengrabs) दिल्ली में नाबालिग की हत्या से सनसनी. (Screengrabs)

इसरार अहमद

  • दिल्ली,
  • 10 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:10 AM IST

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के थाना उस्मानपुर इलाके में मामूली विवाद के बाद 16 वर्षीय नाबालिग अयान की चाकू मारकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना गौतम विहार गली नंबर-4 की बताई जा रही है. वारदात के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश की जा रही है.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक मृतक अयान अपने परिवार के साथ गौतम विहार इलाके में रहता था. परिजनों का आरोप है कि इलाके में रहने वाले एक युवक ने किसी बात को लेकर अयान को थप्पड़ मार दिया था. इस बात से नाराज अयान कारण पूछने के लिए पास की गली में गया था. आरोप है कि वहां पहले से मौजूद युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर अयान पर चाकुओं से हमला कर दिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने अयान पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल अयान को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
नाबालिग की हत्या की खबर मिलते ही इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई. लोगों में घटना को लेकर गुस्सा देखा गया. हालात को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न पैदा हो. पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और जांच शुरू की.

Advertisement

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है. शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके.

सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसक घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं. वहीं, परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement