LPG पर दिल्ली सरकार का शिकंजा! गोदाम से सीधे बेचने पर रोक, उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई

दिल्ली सरकार ने गोदामों से एलपीजी सिलेंडर सीधे बेचने पर सख्त प्रतिबंध लगाया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सप्लाई की निगरानी हो रही है और उल्लंघन पर कार्रवाई होगी. दिल्ली पुलिस ने 17 जगह छापे मारे और 76 एजेंसियों की जांच की. सरकार ने कहा कि गैस सप्लाई पूरी तरह स्थिर और नियंत्रण में है.

Advertisement
घर-घर डिलीवरी का दावा.(File Photo: ITG) घर-घर डिलीवरी का दावा.(File Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 05 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:53 PM IST

दिल्ली सरकार ने रविवार को एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति और वितरण को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए गोदामों से सीधे बिक्री पर सख्त प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है. दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि एलपीजी की सप्लाई पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की कमी या अव्यवस्था न हो और सभी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके.

Advertisement

यह भी पढ़ें: LPG New Rule Delhi: एलपीजी संकट... दिल्ली में ऐसे बटेंगे सिलेंडर, डेली खपत के 20% की सप्लाई, जानें किसे मिलेंगे

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गैस एजेंसियों या स्टोरेज प्वाइंट पर भीड़ न लगाएं. सरकार के अनुसार, बुक किए गए सिलेंडर तय समय के भीतर घरों तक पहुंचाए जा रहे हैं, इसलिए उपभोक्ताओं को सीधे गोदाम जाने की जरूरत नहीं है.

तेल कंपनियों के निर्देश और सरकार की सख्ती

सरकार के बयान के अनुसार, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने वितरकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि स्टोरेज प्वाइंट से सीधे सिलेंडर की बिक्री अवैध मानी जाएगी. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

एलपीजी आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने 5 किलो वाले छोटे सिलेंडरों की उपलब्धता बढ़ा दी है. यह सुविधा खास तौर पर प्रवासी मजदूरों की जरूरतों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है.

Advertisement

सरकार ने बताया कि अब ये छोटे सिलेंडर वैध पहचान पत्र दिखाकर गैस एजेंसियों से खरीदे जा सकते हैं और इसके लिए पते के सत्यापन की आवश्यकता नहीं होगी. साथ ही, उपभोक्ताओं की सहायता के लिए एचपीसीएल के चुनिंदा आउटलेट्स पर 11 हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं.

बुकिंग, डिलीवरी और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था

सरकार के अनुसार, 4 अप्रैल को कुल 1 लाख 14 हजार 679 एलपीजी बुकिंग दर्ज की गईं, जबकि 1 लाख 31 हजार 335 सिलेंडर उपभोक्ताओं को डिलीवर किए गए. वर्तमान में घरेलू एलपीजी की औसत डिलीवरी अवधि 4.24 दिन बताई गई है.

जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए एक समर्पित कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है. इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 011-23-37-9836 और 838-382-4659 जारी किए गए हैं.

सरकार ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने 17 स्थानों पर छापेमारी की, जबकि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 76 गैस एजेंसियों और स्टोरेज साइट्स का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर और नियंत्रण में है तथा लोगों से अफवाहों से बचने और डिलीवरी प्रणाली पर भरोसा रखने की अपील की गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement