छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक के आमाघाट इलाके में पुलिस ने अफीम की अवैध खेती का बड़ा खुलासा किया है. करीब एक एकड़ जमीन पर लंबे समय से अफीम की खेती की जा रही थी. खुफिया सूचना के आधार पर तमनार पुलिस ने छापेमारी कर इस पूरे इलाके को सील कर दिया है.
इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है. आरोपी की पहचान मार्शल सांगा के रूप में हुई है, जो झारखंड का रहने वाला है और पिछले कुछ सालों से इस इलाके में रहकर अपने साथियों के साथ अफीम की खेती कर रहा था.
एक एकड़ जमीन पर लंबे समय से चल रही थी खेती
पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि आमाघाट क्षेत्र में गुप्त रूप से अफीम की खेती हो रही है. इसके बाद तमनार और पूंजीपथरा पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की. मुखबिरों की मदद से जानकारी जुटाई गई और रात में कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया गया.
पुलिस के अनुसार खेत में लगी फसल की जांच के बाद यह पुष्टि हुई कि वह अफीम की खेती है. मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि अफीम की गुणवत्ता की जांच की जा सके.
जमीन और अन्य आरोपियों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जिस जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी, वह निजी है या शासकीय. इसके साथ ही इस अवैध खेती में और कितने लोग शामिल हैं, इसका पता लगाया जा रहा है. छत्तीसगढ़ में इससे पहले दुर्ग और बलरामपुर जिलों में भी अफीम की खेती के मामले सामने आ चुके हैं. अब रायगढ़ में इस खुलासे के बाद पुलिस ने अलग से जांच टीम बनाकर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है.
नरेश शर्मा