देश में लगातार इलेक्ट्रिक कार और इलेक्ट्रिक बाइक का चलन बढ़ता जा रहा है. सरकार भी इसकी खरीदी पर छूट दे रही है, ताकि लोग अधिक से अधिक संख्या में इसे खरीदें. इससे न सिर्फ पेट्रोलियम उत्पादों की खरीद पर खर्च होने वाले पैसों की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण में भी कमी आएगी. मगर, इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने की घटनाएं लोगों के मन में शंका पैदा करती है.
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से गुजरने वाले NH 53 पर चलती इलेक्ट्रिक कार में आग लग गई. देखते ही देखते Volvo C40 Recharge SUV इलेक्ट्रिक कार आग के गोले में बदल गई. कार से धुंआ निकलता देखकर कार में सवार लोगों ने बाहर कूदकर अपनी जान बचाई.
इससे पहले कि कार सवाल लोग कुछ कर पाते देखते ही देखते लगभग 60 लाख रुपये की कीमत वाली यह इलेक्ट्रिक कार जलकर खाक हो गई.
रायपुर से सरसीवा जा रहे थे 4 दोस्त
रायपुर के रहने वाले सौरभ राठौर अपने तीन दोस्तों के साथ रायपुर से सरसीवा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र के अंर्तगत जगदीशपुर के पास कार में चलते-चलते अचानक आग लग गई. फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि कार में आग किन वजहों से लगी है.
हालांकि, गनीमत रही कि समय पर कार सवार लोगों ने उससे उठता हुआ धुंआ देख लिया. मौका मिलते ही वे कार से कूद गए थे. अगर थोड़ी देर हो जाती या गाड़ी में कोई तकनीकी खामी आ जाती और कार के दरवाजे न खुलते, तो चारों लोग जिंदा जल जाते.
अरविंद यादव