पश्चिम बंगाल की शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार में अवैध कब्जों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई लगातार जारी है. इसी संदर्भ में एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है. इसमें एक व्यक्ति फूट-फूटकर रोता हुआ नजर आ रहा है.
इसमें कुछ पुलिस वाले भी देखे जा सकते हैं. इसके अलावा तोड़फोड़ की आवाज भी सुनाई दे रही है. देखने में ये किसी बुलडोजर एक्शन के वक्त का लगता है. कुछ लोग इसे पश्चिम बंगाल का बताकर शेयर कर रहे हैं.
फेसबुक पर इस वीडियो के साथ पश्चिम बंगाल से जुड़े हैशटैग्स लगाकर एक व्यक्ति ने लिखा, “इन कंगालुओं को दहाड़ें मार मारकर रोता देख कर दिल को बहुत अधिक सुकून मिल रहा है #WestBengal #बंगाल #TMC #MamataBanerjee.” इस पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.
आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो बांग्लादेश का है, पश्चिम बंगाल का नहीं.
कैसे पता की सच्चाई?
वीडियो पर न्यूज पॉइंट नाम का एक लोगो नजर आ रहा है. सर्च करने पर पता चला कि ये बांग्लादेश का एक न्यूज आउटलेट है. इस आउटलेट ने अपने ऑफिशियल फेसबुक अकाउंट पर ये वीडियो 21 मई को पोस्ट किया था.
पोस्ट के कैप्शन के मुताबिक ये शख्स अपनी आंखों के सामने अपना घर टूटता देख जोर-जोर से रोने लगा. वीडियो में जो पुलिस वाले नजर आ रहे हैं, उनकी यूनिफॉर्म बांग्लादेश की पुलिस यूनिफॉर्म से मिलती है.
पोस्ट के कैप्शन में ‘कलशी बस्ती’ हैशटैग का इस्तेमाल किया गया है. ये बस्ती, ढाका के पास मीरपुर जोन के पल्लवी में स्थित है. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस इलाके में बीते कुछ दिनों में बड़े पैमाने पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए कार्रवाई की गई है.
इस आउटलेट ने कलशी इलाके में हुई बुलडोजर कार्रवाई के और भी कई विडियो फेसबुक पर पोस्ट किए हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस इलाके में सरकारी जमीन से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर कार्रवाई की गई थी. कार्रवाई के दौरान यहां रहने वाले लोगों और पुलिस वालों के बीच झड़प भी हो गई थी. कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस वालों पर हमला भी कर दिया था.
फैक्ट चेक ब्यूरो