अप्रैल में कई राज्यों के विधानसभा चुनाव होंगे. इनमें से एक राज्य है - पश्चिम बंगाल जिस पर सबकी निगाहें टिकी हैं. हाल ही में बंगाल के मालदा में चुनाव से जुड़े काम के दौरान न्यायिक अधिकारियों को कुछ लोगों ने बंधक बना लिया था. अधिकारियों पर हमले की भी कोशिश की गई. इसकी जांच अब NIA को सौंप दी गई है.
इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है. इसमें सेना के जवान, कुछ लोगों को एक-एक करके पकड़कर गाड़ी में बैठाते नजर आ रहे हैं. वीडियो में अफरातफरी का माहौल साफ देखा जा सकता है. अब इसे शेयर करते हुए कुछ लोगों का कहना है कि चुनाव से पहले बंगाल में भारतीय सेना की एंट्री हो चुकी है, जो बवालियों को सबक सिखा रही है.
कुछ लोग तो इसे मालदा की घटना के बाद हुई कार्रवाई बताकर भी शेयर कर रहे हैं. फेसबुक पर एक व्यक्ति ने लिखा, “बंगाल में भारतीय सेना पहुंच चुकी है. जिहादियों को उनके घर से घसीटते हुवे इनका इलाज कर रही है.” एक ने लिखा, “अब पश्चिम बंगाल में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने वालों पर कठोर कार्रवाई हों रही है.”
आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि इस वीडियो का भारत से कुछ लेना-देना नहीं है. ये बांग्लादेश के ढाका का वीडियो है.
कैसे पता की सच्चाई?
वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये The Daily Amar Praner Bangladesh नाम के फेसबुक पेज पर मिला. यहां इसे 12 फरवरी को पोस्ट किया गया था. ये बांग्लादेश का एक लोकल न्यूज आउट्लेट है. यहां इसे ढाका के मानिकनगर मॉडल हाई स्कूल पोलिंग स्टेशन के पास का बताया गया है. ढाका के पेज प्रो मीडिया ने भी वीडियो को इसी जगह का बताकर शेयर किया था.
वीडियो को गौर से देखने पर साफ पता चलता है कि ये जगह बांग्लादेश है न कि भारत. बेहतर क्वालिटी वाले वीडियो में आर्मी जीप पर ‘बांग्लादेश आर्मी’ लिखा हुआ नजर आता है.
इसके अलावा स्कूल के गेट पर एक बैनर पर बांग्ला में ‘बांग्लादेश निर्वाचन आयोग’ लिखा हुआ है. और स्कूल का नाम लिखा है - “मानिकनगर मॉडल हाई स्कूल” - जोकि ढाका में है. स्कूल पर पोलिंग से जुड़ी जानकारी और चुनाव आयोग के बैनर से साफ पता चलता है कि ये वीडियो इलेक्शन के वक्त का है.
बांग्लादेश में 12 फरवरी के दिन चुनाव हुए थे. बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने चुनाव में बहुमत हासिल किया और तारिक रहमान बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री बने.
हमें गूगल मैप्स के स्ट्रीट व्यू पर बिल्कुल यही लोकेशन मिल गई.
यानि साफ है कि ये वीडियो बांग्लादेश के ढाका का है.
फैक्ट चेक ब्यूरो