फैक्ट चेक: बांग्लादेश की झील में नाव पलटने का वीडियो अब जबलपुर क्रूज हादसे का बताकर हो रहा है शेयर

सोशल मीडिया पर झील में नाव पलटने का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे जबलपुर के बरगी डैम हादसे से जोड़ा जा रहा है. आजतक ने इस वीडियो का फैक्ट चेक किया है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये जबलपुर क्रूज हादसे का वीडियो है जिसमें डूबते हुए लोगों को दहशत में देखा जा सकता है.
सच्चाई
ये दिसंबर, 2025 का बांग्लादेश का वीडियो है जब एक नाव कापताई झील में पलट गई थी.

ज्योति द्विवेदी

  • नई दिल्ली,
  • 03 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:32 AM IST

जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई. तीन लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. इस मामले में क्रूज पायलट, हेल्पर और टिकट काउंटर प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

हादसे को लेकर लगातार नए अपडेट्स सामने आ रहे हैं. इसी बीच सोशल मीडिया पर पानी में पलटी हुई एक नाव को पकड़े कुछ डरे हुए लोगों का वीडियो वायरल हो गया है. ऐसा कहा जा रहा है कि ये जबलपुर क्रूज हादसे में डूबते हुए लोगों का वीडियो है.

Advertisement

मिसाल के तौर पर, एक थ्रेड्स यूजर ने लिखा, "जबलपुर में हुए क्रूज हादसे ने सबको दहलाकर रख दिया है. बरगी डैम पर क्रूज का आनंद ले रहे 39 लोग तब हादसे का शिकार हो गए जब क्रूज अचानक डूबने लग गया. इस हादसे में 22 लोगों का रेस्क्यू कर उन्हें बचा लिया गया जबकि 9 लोगों की मौत की खबर है और बाकी लोग लापता बताए जा रहे हैं. क्रूज हादसे से पहले का वीडियो आया सामने."

पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो दिसंबर, 2025 में बांग्लादेश में हुई एक घटना से संबंधित है जब रंगमती जिले की कापताई झील में एक नाव पलट गई थी.

कैसे पता लगाई सच्चाई?  

हमने देखा कि वायरल पोस्ट में कुछ लोग लिख रहे हैं कि ये वीडियो बांग्लादेश का है. इसके कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से हमें "न्यूज रिपोर्ट टुडे" नाम के न्यूज आउटलेट के 28 दिसंबर, 2025 के फेसबुक पोस्ट में इसका लंबा वर्जन मिला. पोस्ट के मुताबिक, ये घटना बांग्लादेश के चिट्टागॉन्ग डिवीजन के रंगमती जिले में दिसंबर में हुई थी. पर्यटकों से भरी एक नाव यहां की कापताई झील में पलट गई थी.

Advertisement

बांग्लादेश टाइम्स  के अनुसार, ये घटना 25 दिसंबर को हुई थी. बांग्लादेशी न्यूज आउटलेट बांग्ला ट्रिब्यून ने इस घटना के बारे में विस्तृत खबर छापी थी. खबर के मुताबिक, जब ये लकड़ी की नाव सुबालोंग बाजार इलाके से लौट रही थी, तो शिलचरीमुख इलाके में ये पलट गई. आसपास मौजूद लोगों ने पर्यटकों की जान बचाई. जब ये घटना हुई तो नाव में 20 से 22 लोग सवार थे. घटना के वक्त किसी ने भी लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी, लेकिन कोई भी हताहत नहीं हुआ. पुलिस ने मीडिया को बताया था​ कि नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे.

साफ है, बांग्लादेश में साल 2025 में हुई नाव पलटने की एक घटना को अब जबलपुर क्रूज हादसे के संदर्भ में शेयर किया जा रहा है.  

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement