प्रोड्यूसर एकता कपूर ने आजतक अपने सीरियल्स में जितने भी दांव खेले हैं, उसमें से अधिकतर कारगर साबित गए हैं. इन दिनों उनका सीरियल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' टीआरपी रेटिंग्स पर तो टॉप कर ही रहा है. साथ ही सोशल मीडिया पर भी छाया हुआ है. यूजर्स शो में आकाशदीप सहगल की कास्टिंग से कंफ्यूज हो गए हैं.
आकाशदीप सहगल क्योंकि सास भी सीरियल की जान रहे हैं. सबसे पहले उन्होंने अंश गुजराल बनकर शो में आतंक मचाया था. अब उसका बेटा रियो बनकर छा रहे हैं. हालांकि आकाशदीप के माता-पिता के रोल में जिन्हें कास्ट किया गया है, उनकी उम्र एक्टर से कम-ज्यादा है. शो में परख मदान, आकाशदीप की मां के रोल में हैं जो खुद उनसे 8 साल छोटी हैं. यहां तक कि तुलसी यानी स्मृति ईरानी भी आकाशदीप से छोटी हैं. ऐसे में शो की कास्टिंग पर सवाल उठने लगे हैं.
आकाशदीप की मां बनने पर ट्रोल हुई एक्ट्रेस
आकाशदीप ने कास्टिंग पर हो रहे विवाद पर पहले ही अपनी राय सामने रख दी थी. अब परख मदान भी शो को लेकर हो रही ट्रोलिंग पर बोली हैं. जूम संग बातचीत में उन्होंने साफ कहा है कि उन्हें अपने से बड़े एक्टर की मां बनने में कोई परेशानी नहीं है. बल्कि ये बतौर एक्टर उनके काम का हिस्सा है.
परख ने कहा, 'मुझे ये रोल करने में कोई दिक्कत नहीं थी. एक्टर का काम है कि वो एक किरदार बन जाना, ना कि उसमें अपनी असली उम्र को दिखाना. किरदार कितना पुराना दिखेगा या कैसा लगेगा, ये सब फिल्म बनाने वाले और क्रिएटिव टीम तय करती है. मुझे उन पर पूरा विश्वास है.'
'अकाशदीप ने हाल ही में एक इंटरव्यू में भी इस मुद्दे पर बात की और इसे बस शोर बताया. मुझे भी कहीं ना कहीं उनकी बात सही लगती है. रिएक्शन्स जरूर मायने रखते हैं, लेकिन नेगेटिविटी से प्रभावित होना सही नहीं है, खासकर जब हमें अपना काम अच्छे से करना हो. आजकल इंडस्ट्री में मीम बन जाना हमेशा बुरी बात नहीं होती. इसका मतलब है कि लोग देख रहे हैं! शो अभी व्यूअरशिप रेटिंग में टॉप पर है, तो ऐसा करके ट्रोल्स भी शो की चर्चा बढ़ा रहे हैं.'
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क