भारत, सलमान खान की फिल्म है जो अनाउंसमेंट के साथ ही किसी न किसी बहाने अब तक लगातार चर्चा में है. भारत का टीजर पहले ही रिलीज किया गया था जो काफी जबरदस्त रहा और लोगों ने उसे हाथोंहाथ लिया भी. टीजर के बाद ट्रेलर आया. ट्रेलर को लेकर उम्मीद थी कि ये बहुत धांसू होगा.
लेकिन, इस साल की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्म के तीन मिनट 11 सेकेंड लंबे ट्रेलर को देखकर ये समझ नहीं आता कि ये किसी फिल्म का ट्रेलर है या रोलर कोस्टर राइड. पूरे ट्रेलर में अगर कोई दिखता है तो बस, सलमान खान. बॉलीवुड के भाईजान ट्रेलर में इतना दिखे कि लगा जैसे ट्रेलर सलमान खान से ओवर डोज हो गया. यूं लगता है जैसे भारत, कमल हासन के दशावतारम जैसी है. जिसमें बस सलमान ही सलमान हैं और कुछ नहीं.
ट्रेलर देखकर जो एक बात साफ़ पता चलती है वो ये कि फिल्म में भारत, देशभक्ति और चुनावी मौसम को भुनाने की बहुत कोशिश की गई है. इस समय चुनाव चल रहे हैं और फिल्म में चुनाव से जुड़ा कटरीना कैफ सलमान खान के बीच एक दिलचस्प संवाद सुना जा सकता है. अली अब्बास जफ़र के निर्देशन में बनी भारत को 5 जून यानी ईद के मौके पर रिलीज किया जाना है.
ट्रेलर की शुरुआत नेहरू की आवाज से होती है. इसके बाद भारत-पाकिस्तान बंटवारा और देशप्रेम का फुल ड्रामा, एक्शन, डांस, इमोशन जैसे भरपूर फ़िल्मी मसाले देखने को मिलते हैं. लेकिन इन सबके केंद्र में दिखते हैं तो सिर्फ सलमान खान ही. एक बार तो ऐसा भी लगता है कि सलमान अगर 'फीमेल ग्लैमर' दिखा पाते तो शायद फिल्म में कटरीना और दिशा पाटनी के रोल पर भी कैंची चल जाती.
ट्रेलर से और कुछ तो समझ नहीं आया लेकिन ये साफ़ दिखा कि कि चुनावी मौसम में भारत-पाकिस्तान के भावुक टॉपिक को भुनाया जा रहा है. सलमान ने बजरंगी भाईजान में भी पारंपरिक हिंदू और पाकिस्तान के भावुक कॉकटेल को भुना लिया था.
ट्रेलर में बाप से बिछड़ता बेटा, बंटवारा दिखता, बेटे का जवान होना दिखता है उसका संघर्ष दिखता है उसकी फाईट दिखती है उसकी मैडम सर दिखती हैं. पिता दिखते हैं, दोस्त दिखता है प्रेमिका भी दिखती है, पर फ्रेम में सलमान ही सलमान नजर आते हैं. दुआ की जानी चाहिए कि ईद पर आ रही फिल्म, ट्रेलर से अलग हो, समझ में आए और सलमान के अलावा जो चीजें हैं कैमरा वहां तक भी पहुंचा हो. वर्ना अब तो आमिर खान, शाहरुख खान और सितारों से लकदक सजी ठग्स ऑफ़ हिन्दोस्तान, जीरो, कलंक को भी दर्शक नकार देते हैं. सलमान की भारत को भी लोग आइना दिखाने में ज्यादा देर नहीं करेंगे. वैसे फिलहाल तो ट्रेलर देखकर लोग सोच रहे होंगे कि क्या फर्क पड़ता अगर "भारत" की जगह इसका टाइटल "सलमान" ही होता.
aajtak.in