इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में मुकेश का नाम लेजेंड्री सिंगर्स में लिया जाता है. 50-60 के दशक में उन्हें राज कपूर की आवाज कहा जाता था. राज कपूर की फिल्मों के लगभग सारे गाने मुकेश ने ही गाए थे. मगर मुकेश की शानदार गायकी को सिर्फ अभिनेता राज कपूर के इर्द-गिर्द ही समेट कर नहीं देखा जा सकता है. उन्होंने इसके अलावा 70 के दशक के कई सारे सुपरस्टार्स के लिए गाने गाए. मुकेश ने बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना से लेकर एंग्री यंग मैन अमिताभ बच्चन, भारत कुमार के नाम से मशहूर मनोज कुमार, हीमैन धर्मेंद्र, वर्सेटाइल लेजेंड्री संजीव कुमार, चॉकलेटी एक्टर्स जितेंद्र-शशि कपूर जैसे एक्टर्स के लिए भी सुपरहिट गाने गाए.
मुकेश का जन्म 22 जुलाई, 1923 को दिल्ली में हुआ था. संगीत जगत को अपने सुरीले नगमों की सौगात देने वाले मुकेश, दुर्भाग्यवश ज्यादा समय तक के लिए ऐसा नहीं कर सके. किसे पता था कि यूएस के एक कंसर्ट में गाने गए मुकेश हमेशा के लिए अपने प्रशंसकों से दूर चले जाएंगे. 27 अगस्त, 1976 को यूएस में ही उनका निधन हो गया. 70 का दशक आते आते सिनेमा में कई बदलाव हो चुके थे. राज कपूर कम फिल्में करने लगे थे. राजेश खन्ना और अमिताभ बच्चन इंडस्ट्री में राज कर रहे थे. इन एक्टर्स की आवाज बनकर उभरे थे हरफनमौला किशोर कुमार. मगर इसके बावजूद भी मुकेश की चमक कम नहीं हुई थी. उन्होंने काका के लिए भी कई सारी फिल्मों में गाने गाए और ये गाने सुपरहिट भी रहे. मुकेश की पुण्यतिथि पर बता रहे हैं ऐसे ही गानों की लिस्ट.
कहीं दूर जब दिन ढल जाए- ये वो पहली फिल्म थी जिसमें राजेश खन्ना और अमिताभ बच्चन की जोड़ी पहली बार सिल्वर स्क्रीन पर नजर आई थी. फिल्म के गाने सुपरहिट रहे थे. कहीं दूर जब दिन ढल जाए गाने के बोल गुलजार ने लिखे थे और मुकेश की दर्द भरी आवाज ने इस गाने को अमर कर दिया.
मैंने तेरे लिए ही सात रंग के सपने चुने- आनंद फिल्म के इस दूसरे गाने को आज भी लोग बड़े चाव से सुनते हैं. इस गाने के बोल भी गुलजार साहब ने ही लिखे थे. गाने का म्यूजिक सलिल चौधरी ने दिया था.
जुबां पे दर्द भरी दास्तां चली आई- मर्यादा फिल्म का ये गाना काफी लोकप्रिय है. ये सैड सॉन्ग सबने अपनी लाइफ में कभी ना कभी तो जरूर सुना होगा. मुकेश की दर्द भरी आवाज ने इस गाने को बेहद खास बना दिया.
जिस गली में तेरा घर ना हो बालमा- वैसे तो कटी पतंग फिल्म के अधिकतर हिट गाने किशोर कुमार ने गाए थे. मगर इसके अलावा एक गाना मुकेश ने भी गाया था जो बहुत पॉपुलर हुआ. इसमें राजेश खन्ना और आशा पारेख की जबरदस्त केमिस्ट्री देखने को मिली.
बिन बदरिया के बिजुरिया कैसे चमके- राजेश खन्ना के लिए मुकेश ने जितने गाने गाए अधिकतर तो सैड ही थे मगर ये गाना मस्ती भरे अंदाज के लिए मशहूर था. गाने में राजेश खन्ना का गांव के मर्द की वेशभूषा में नाचना शानदार था. मुकेश भी आवाज भी उनपर काफी शूट कर रही थी.
aajtak.in