एक्टर से पॉलिटिशियन बने थलपति विजय इन दिनों अपनी नई राजनीतिक पारी को लेकर सुर्खियों में हैं. राजनीति के मैदान में उतरने से पहले उन्होंने पर्दे पर अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है. विजय सिर्फ फिल्मों के ही नहीं, बल्कि बॉक्स ऑफिस के भी असली 'किंग' माने जाते हैं. उनके अभिनय में एक्शन, इमोशन और रोमांस का ऐसा मेल है, जिसने हर जनरेशन के दर्शकों को अपना दीवाना बनाया है.
चाहे 'घिल्ली' का जोश हो, 'थुपाक्की' का स्टाइल या फिर 'लियो' का जबरदस्त एक्शन, विजय की फिल्मों ने हमेशा नया इतिहास रचा है. चलिए, एक नजर डालते हैं थलपति की उन टॉप फिल्मों पर जो इन दिनों ओटीटी (OTT) पर धूम मचा रही हैं.
लियो (Leo)
लियो एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें विजय एक बेहद गंभीर और इंटेंस किरदार में नजर आए हैं. उनके साथ संजय दत्त भी मुख्य भूमिका में हैं. यह कहानी भावनाओं से भरी हुई है. इस फिल्म ने एक एक्शन हीरो के रूप में विजय के दायरे को और भी बढ़ा दिया है. 2023 में आई विजय की फिल्म 'लियो' ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा दिया था.
कहां देखें: 'लियो' को Netflix पर तमिल और हिंदी सहित कई भाषाओं में देख सकते हैं.
थुपाक्की (Thuppakki)
थुपाक्की में विजय ने एक आर्मी ऑफिसर की भूमिका निभाई है, जो स्लीपर सेल के नेटवर्क को खत्म करने के मिशन पर है. अपनी स्मार्ट एक्शन और दमदार स्टोरीलाइन के लिए जानी जाने वाली इस फिल्म ने थ्रिलर फिल्मों में बारीकी को पकड़ने की विजय की खूबी को साबित किया है. इसमें परिवार, दोस्ती और इंटेंस एक्शन का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलता है.
कहां देखें: 'थुपाक्की' को Sun NXT, JioHotstar, MX Player और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर देख सकते हैं.
शाहजहां (Shahjahan)
शाहजहां एक बेहतरीन रोमांटिक ड्रामा है, जिसमें विजय ने एक ऐसे निस्वार्थ प्रेमी की भूमिका निभाई है, जो खुद का दिल टूटने के बावजूद अपनी पसंद की लड़की को उसकी खुशियां पाने में मदद करता है. यह भावुक कहानी पर्दे पर उनकी छवि का एक नरम और इमोशनल पहलू दिखाती है.
कहां देखें: यह फिल्म Sun NXT और OTTplay Premium पर उपलब्ध है.
घिल्ली (Ghilli)
घिल्ली एक ऐसी कमर्शियल एंटरटेनर फिल्म है, जिसने विजय को 'मास हीरो' का दर्जा दिलाया है. इसकी कहानी एक कबड्डी खिलाड़ी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक लड़की को खतरनाक गुंडे से बचाने के लिए आगे आता है. यह फिल्म खेल, रोमांस और एक्शन को एक रोमांचक स्क्रीनप्ले के साथ जोड़ती है. इसमें नजर आई विजय-त्रिशा की केमिस्ट्री आज भी पॉपुलर है.
कहां देखें: 'घिल्ली' को Sun NXT और OTTplay Premium पर देखा जा सकता है.
तिरुपाची (Thirupaachi)
तिरुपाची में विजय ने एक ऐसे प्यारे भाई का किरदार निभाया है, जो अपनों की रक्षा के लिए अपराध के खिलाफ लड़ता है. इस फिल्म में भाई-बहन के भावनात्मक रिश्ते और बेहतरीन एक्शन दृश्यों ने इसे एक यादगार एंटरटेनर बना दिया है. 2005 में रिलीज हुई थलपति विजय की एक्शन-ड्रामा फिल्म 'तिरुपाची' बॉक्स ऑफिस पर एक बहुत बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी.
कहां देखें: 'तिरुपाची' ऑनलाइन देखने के लिए Sun NXT पर उपलब्ध है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क