तमिलनाडु की राजनीति में इस वक्त सिर्फ एक ही नाम गूंज रहा है- थलपति विजय. फिल्मी पर्दे के सुपरस्टार ने अब सियासत के मैदान में भी ऐसा कमाल कर दिया है कि हर तरफ उनकी ही चर्चा हो रही है. उनकी पार्टी TVK (तमिलगा वेत्री कझगम) चुनावी नतीजों में बड़ी बढ़त से जीत हासिल कर चुकी है. इसी के साथ विजय के परिवार, दोस्तों और फैंस की खुशी सातवें आसमान पर पहुंच गई है.
बेटे की जीत पर भावुक हुए पिता
विजय की इस ऐतिहासिक बढ़त पर उनके पिता और दिग्गज फिल्ममेकर एस. ए. चंद्रशेखर ने गर्व जताया. ANI से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हें और उनकी पत्नी दोनों को अपने बेटे पर बेहद गर्व है.
उन्होंने कहा- मैं बहुत खुश और गर्व महसूस कर रहा हूं. पिछले दो सालों में मैंने विजय का आत्मविश्वास देखा है. उन्हें पूरा भरोसा था कि वो तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनेंगे. उनके अंदर 1% भी शक नहीं था. यही उनका सबसे बड़ा आत्मविश्वास है.
उन्होंने आगे कहा कि बिना किसी बड़े गठबंधन के चुनाव लड़ना बहुत बड़ी बात है और विजय ने जो हिम्मत दिखाई है, वो काबिल-ए-तारीफ है. उनके मुताबिक ये सिर्फ विजय की नहीं, बल्कि तमिलनाडु के लोगों की भी ऐतिहासिक जीत है.
भावुक हुईं विजय की मां
विजय की मां की खुशी भी देखने लायक थी. चंद्रशेखर ने बताया- वो सिर्फ विजय की मां नहीं हैं, बल्कि उनकी पहली फैन भी हैं. आज वो बेहद खुश हैं. जैसे-जैसे चुनावी नतीजे सामने आते गए, वैसे-वैसे पूरे परिवार की खुशी बढ़ती चली गई.
दोस्त श्रीमन ने कहा- हमारा दोस्त अब CM
विजय के करीबी दोस्त और एक्टर श्रीमन भी इस जीत से बेहद उत्साहित नजर आए. उन्होंने सोशल मीडिया पर विजय के साथ पुराना वीडियो शेयर किया, जिसमें वो डांस कर रहे थे और विजय उन्हें देख रहे थे.
वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा- 1998 में ही मुझे अपने दोस्त को चीफ मिनिस्टर कहने का मौका मिल गया था. जनता का फैसला भगवान का फैसला होता है. हमारा CM आपके लिए काम करेगा. विजय दिल से सच्चे इंसान हैं और जो वादा करते हैं, उसे पूरा करने की पूरी कोशिश करते हैं.
ट्रोल्स को भी दिया जवाब
श्रीमन ने उन लोगों को भी जवाब दिया जो सालों से विजय की राजनीति और उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर सवाल उठाते रहे. उन्होंने लिखा- मैं उन लोगों से सवाल नहीं करूंगा जिन्होंने विजय के खिलाफ गंदी बातें लिखीं. आपने जो करना था किया. लेकिन अब मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि तमिलनाडु के बेहतर भविष्य के लिए सब साथ आ जाएं.
हालांकि कुछ लोग कमेंट्स में अब भी निगेटिव बातें कर रहे थे, जिस पर श्रीमन ने उन्हें ‘फेक’ कहकर ब्लॉक करने तक की बात कह दी.
फिल्मों से राजनीति तक… विजय का बड़ा सफर
2024 में राजनीति में एंट्री करने के बाद से ही विजय लगातार चर्चा में रहे. किसी ने उनकी फिल्मी इमेज पर सवाल उठाए, तो किसी ने कहा कि वो राजनीति में ज्यादा दिन नहीं टिक पाएंगे. लेकिन अब चुनावी नतीजों ने तस्वीर बदल दी है. जो स्टार कभी बड़े पर्दे पर जनता का हीरो था, अब वही असल जिंदगी में भी लोगों का 'जन नायक' बनता नजर आ रहा है.
फैंस सोशल मीडिया पर लगातार लिख रहे हैं- थलपति अब सिर्फ स्क्रीन के हीरो नहीं, तमिलनाडु के नए लीडर हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क