हॉलीवुड फिल्म क्राइम 101 इन दिनों ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर धूम मचा रही है. रिलीज के बाद से ही ये फिल्म लगातार ट्रेंड कर रही है और पिछले दो हफ्तों से नंबर 1 पोजिशन पर बनी हुई है. फिल्म की कास्ट कौन हैं, इसमें ऐसा क्या खास है कि भारत में लोगों को इतनी पसंद आ रही है, आइये आपको बताते हैं.
ए लेवल की कास्टिंग
क्राइम 101 एक क्राइम-हीस्ट थ्रिलर है, जिसे बार्ट लेटन ने डायरेक्ट किया है. फिल्म की खास बात इसकी स्टाइलिश स्टोरी, दमदार एक्शन और मजबूत किरदार हैं. क्रिटिक्स ने भी इसे काफी पसंद किया और इसे हाई रेटिंग मिली.
फिल्म में बड़े-बड़े हॉलीवुड स्टार्स नजर आते हैं, जिनमें- क्रिस हेम्सवर्थ, मार्क रफलो, हेले बेरी, बैरी कोगन शामिल हैं. सभी एक्टर्स ने बेजोड़ काम किया है. ऑडियन्स से इनको खूब तारीफें मिली हैं.
जानिए क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म एक चालाक डायमंड चोर की कहानी है, जो अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी चोरी की प्लानिंग करता है. इसी दौरान उसकी मुलाकात एक परेशान इंश्योरेंस एजेंट से होती है, जो खुद अपनी जिंदगी के दोराहे पर खड़ी है.
वहीं एक जिद्दी पुलिस डिटेक्टिव उनके पीछे पड़ा होता है. जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, चोर, एजेंट और पुलिस के बीच का खेल और खतरनाक हो जाता है. आखिर में सबको ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं, जिनसे वापस लौटना आसान नहीं होता.
मजेदार बात ये कि फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों से अच्छी रेटिंग मिली, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ये सफल नहीं हो पाई. करीब 90 मिलियन डॉलर यानी 747 करोड़ रुपये रुपये के बिग बजट में बनी इस फिल्म की कमाई लगभग 71.7 मिलियन डॉलर यानी करीब 595 करोड़ रुपये रही. यानी फिल्म अपनी लागत भी नहीं निकाल पाई.
OTT पर मिली नई जिंदगी
थिएटर में फ्लॉप होने के बाद जब क्राइम 101 प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई, तो इसे नई पहचान मिली. भारत में फैंस इसकी ग्रिपिंग स्टोरी और फास्ट पेस एक्शन को खूब पसंद कर रहे हैं. वहीं क्रिस हेम्सवर्थ और मार्क रफलो की जोड़ी भी उन्हें धांसू लग रही है.
Crime 101 उन फिल्मों में से है, जो थिएटर में नहीं चल पाईं लेकिन OTT पर हिट बन गईं. दमदार कहानी, शानदार एक्टिंग और थ्रिल से भरी ये फिल्म अब दर्शकों के दिल जीत रही है. IMDb पर इसे 6.9 की रेटिंग मिली है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क