Yash Vs Ranveer Singh: रणवीर का स्वैग या यश का भौकाल, कौन है बॉक्स ऑफिस का असली सुल्तान?

ईद पर 'धुरंधर 2' और 'टॉक्सिक' का क्लैश दिलचस्प होता जा रहा था क्योंकि दोनों फिल्में पैन इंडिया रिलीज हैं, दोनों कई भाषाओं में आ रही हैं. लेकिन अब टॉक्सिक के पोस्टपोन होने से पूरा समीकरण बदल गया है.

Advertisement
टॉक्सिक और धुरंधर 2 का क्लैश टला (Photo: ITG) टॉक्सिक और धुरंधर 2 का क्लैश टला (Photo: ITG)

शिखर नेगी

  • नई दिल्ली,
  • 04 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 7:55 PM IST

इंडियन सिनेमा के गलियारों में पिछले कई महीनों से एक ही महा क्लैश की चर्चा थी- रणवीर सिंह की धुरंधर 2 और कन्नड़ सुपरस्टार यश की टॉक्सिक.  फिल्म जानकार मान रहे थे कि 19 मार्च 2026 को बॉक्स ऑफिस पर इतिहास का सबसे बड़ा टकराव होगा. लेकिन ईद से पहले होली पर खेल एक दम पलट गया. यश की फिल्म 'टॉक्सिक' ने अपनी रिलीज डेट आगे खिसका ली है और अब यह 19 मार्च की जगह 4 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.

Advertisement

इस बड़े बदलाव ने रणवीर सिंह के लिए रास्ता तो साफ कर दिया है, लेकिन साथ ही एक नई बहस को जन्म दे दिया है. आखिर आंकड़ों की दुनिया में कौन ज्यादा ताकतवर है? क्या बॉलीवुड के एनर्जी किंग रणवीर सिंह, साउथ के 'रॉकी भाई' यानी यश के स्टारडम के सामने टिक पाएंगे? चलिए, बॉक्स ऑफिस और ग्लोबल रिकॉर्ड्स के जरिए इस दिलचस्प तुलना को समझते हैं.

छोटे पर्दे से बड़े पर्दे की लंबी छलांग
यश की कहानी किसी फिल्मी कहानी जैसी ही प्रेरणादायक है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी सीरियल्स से की थी और 2007 में फिल्म 'जंबाडा हुदुगी' से बड़े पर्दे पर कदम रखा. साल 2008 उनके लिए काफी खास रहा, जब उन्होंने फिल्म 'मोग्गिना मनासु' में काम किया. इसी फिल्म के सेट पर उनकी मुलाकात राधिका पंडित से हुई, जो बाद में उनकी लाइफ पार्टनर बनीं. उसी साल फिल्म 'रॉकी' रिलीज हुई और यहीं से उन्हें वो नाम मिला जो आज हर जुबान पर है 'रॉकिंग स्टार'.

Advertisement

इसके बाद यश ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और 'गूगली', 'राजा हुली', 'मिस्टर एंड मिसेज रामाचारी' जैसी एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दीं. लेकिन 2018 में आई 'KGF' ने उन्हें ग्लोबल स्टार बना दिया और अब 'टॉक्सिक' के जरिए वो एक बार फिर इतिहास रचने की तैयारी में हैं.

यश की टॉप 5 फिल्में (Worldwide Gross)

KGF: Chapter 2 - ₹1215+ करोड़ 
KGF: Chapter 1 - ₹250 करोड़
मिस्टर एंड मिसेज रामाचारी - ₹50+ करोड़
मास्टरपीस  - ₹32 करोड़
संथु स्ट्रेट फॉरवर्ड - ₹30 करोड़

टैलेंट का खजाना है रणवीर सिंह
वहीं, दूसरी तरफ रणवीर सिंह ने साल 2010 में 'बैंड बाजा बारात' के साथ बॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री की थी. उनकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि वे हर किरदार में खुद को पूरी तरह ढाल लेते हैं. शुरुआती दौर में उन्होंने 'लेडीज वर्सेस रिकी बहल' और 'लुटेरा' जैसी फिल्मों से अपनी काबिलियत साबित की. हालांकि, 'गुंडे' और 'किल दिल' जैसी फिल्मों के साथ उन्हें कुछ उतार-चढ़ाव भी देखने पड़े, लेकिन संजय लीला भंसाली की 'बाजीराव मस्तानी' और 'पद्मावत' ने उन्हें सुपरस्टार्स की कतार में ला खड़ा किया. 'सिम्बा' के जरिए उन्होंने मास ऑडियंस का दिल जीता और अब 'धुरंधर 2' के साथ वे फिर से यह साबित करने को बेताब हैं कि कमर्शियल सिनेमा में उनका कोई सानी नहीं है.

Advertisement

रणवीर सिंह की टॉप 5 फिल्में (Worldwide Gross)
 
धुरंधर  - ₹1300+ करोड़
पद्मावत  - ₹572 करोड़
सिम्बा - ₹400 करोड़
बाजीराव मस्तानी - ₹356 करोड़
राम लीला- ₹220 करोड़

बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों में कौन आगे?
अगर हम यश और रणवीर के करियर की तुलना करें, तो रणवीर का पलड़ा भारी लग सकता है क्योंकि उनकी फिल्मों ने अक्सर बड़े आंकड़े छुए हैं. लेकिन यहां यह समझना जरूरी है कि रणवीर की फिल्में शुरू से ही बड़े बजट और बड़े स्तर पर पूरे भारत और विदेशों में रिलीज होती रही हैं. इसके उलट, यश की शुरुआती फिल्में मुख्य रूप से कर्नाटक के बाजार तक सीमित थीं. 'KGF' फ्रेंचाइजी के साथ यश ने अपनी पहुंच बदली और पैन-इंडिया लेवल पर धमाका किया. आज स्थिति यह है कि यश की ब्रांड वैल्यू किसी भी बड़े बॉलीवुड स्टार के बराबर है. यही वजह है कि रामायण जैसी बड़ी बजट की फिल्म में वो रावण का किरदार निभा रहे हैं.

कौन जीतेगा बॉक्स ऑफिस की जंग?
यश की फिल्म पोस्टपोन हो गई है. यानी अब रणवीर सिंह को अपनी फिल्म के लिए 19 मार्च का खाली मैदान मिल गया है, जहां वह अपनी बादशाहत साबित कर सकते हैं. हालांकि, जून में यश की वापसी बॉक्स ऑफिस पर फिर से हलचल मचाने के लिए तैयार है. देखना दिचलस्प होगा कि क्या यश की टॉक्सिक  रणवीर सिंह की धुरंधर 2 का रिकॉर्ड तोड़ पाएगा या नहीं. वहीं धुरंधर 2 सोलो रिलीज में कितना कमाती है, इस पर भी सभी की निगाहें रहेंगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement