80 के दशक में टीना मुनीम बॉलीवुड की सबसे फेमस और शाइनिंग स्टार एक्ट्रेसेज में गिनी जाती थीं. उनके पास शोहरत, हिट फिल्में और स्टारडम सब कुछ था. लेकिन अपने करियर के शिखर पर पहुंचकर उन्होंने फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया और बिजनेसमैन अनिल अंबानी से शादी कर ली. अब सालों बाद उनकी भांजी लीना अशर ने टीना अंबानी की निजी जिंदगी की एक खास झलक साझा की है.
भांजी ने लिखा 'टीना मासी' के नाम भावुक नोट
लेखिका लीना अशर ने इंस्टाग्राम पर अपनी 'टीना मासी' के लिए एक खास पोस्ट शेयर की. इस पोस्ट में उन्होंने बताया कि अपनी मां के निधन के बाद टीना अंबानी के साथ उनका रिश्ता और भी गहरा हो गया है. लीना ने ये भी खुलासा किया कि टीना अंबानी का असली नाम 'निवृत्ति' है.
टीना के साथ बिताए खूबसूरत पलों का एक वीडियो शेयर करते हुए लीना ने लिखा- ग्रेटीट्यूड डे 83: भावना मासी के बाद आती हैं निवृत्ति. दुनिया उन्हें टीना मुनीम और टीना अंबानी के नाम से जानती है, लेकिन उनका जन्म का नाम निवृत्ति है. इसका मतलब होता है- भीतर की यात्रा, संघर्ष के बाद मिलने वाली शांति और खुद तक लौटना.
उन्होंने आगे लिखा- हमारे परिवार में अक्सर मजाक होता था कि नौ बच्चों के बाद मेरे नाना-नानी आखिरकार ‘निवृत्ति’ की अवस्था में पहुंच गए थे, यानी पूरी तरह थककर समर्पण कर दिया था. लेकिन किसी तरह ये नाम उनकी जिंदगी की सच्चाई बन गया.
बचपन में टीना मासी को देखकर रह जाती थीं मंत्रमुग्ध
लीना ने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए बताया कि जब टीना फिल्मों में काम करती थीं, तब वो उनकी खूबसूरती और स्टारडम से बेहद प्रभावित थीं.
उन्होंने लिखा- बचपन में मैं घंटों बैठकर टीना मासी को फिल्म शूट पर जाने से पहले मेकअप करते हुए देखा करती थी. उनका खूबसूरत चेहरा, फिल्मी सितारों जैसी चमक- मैं मन ही मन सोचती थी कि काश मैं भी थोड़ी बहुत उनके जैसी दिखती.
'उन्होंने वो जिंदगी जी, जिसका लोग सिर्फ सपना देखते हैं- फिल्में, ग्लैमर और शोहरत. फिर उन्होंने अंबानी परिवार की बहू बनकर एक नई दुनिया में कदम रखा और सबसे खास बात ये रही कि उन्होंने कभी भी अपनी पुरानी जिंदगी को छोड़ने का अफसोस नहीं किया.'
मां के आखिरी दिनों में बनीं सहारा
लीना ने बताया कि जब उनकी मां जिंदगी के आखिरी दौर से गुजर रही थीं, तब टीना अंबानी एक मजबूत सहारे की तरह उनके साथ खड़ी रहीं. उन्होंने लिखा- मेरी मां को स्ट्रोक आने के बाद टीना मासी हर दिन अस्पताल आती थीं. कई बार तो दिन में दो बार. वो भजन गातीं, पुराने गाने सुनातीं और बचपन की यादें ताजा करतीं. ऐसी यादें जिन्हें सिर्फ बहनें ही साझा कर सकती हैं.
लीना ने आगे कहा- जब मेरी मां का निधन हुआ, तब सबसे ज्यादा रोने वालों में टीना मासी थीं. शायद उन्हें ऐसा लगा जैसे उन्होंने एक साथ अपनी बहन और मां दोनों को खो दिया हो. उन्होंने भावुक होकर लिखा- लोग पूछते हैं कि दुख से आखिर क्या अच्छा निकल सकता है. मेरे लिए इस दर्द के बीच एक खूबसूरत चीज सामने आई. अपनी मां को खोने के बाद मुझे टीना मासी के साथ एक और गहरा रिश्ता मिला.
टीना मुनीम का फिल्मी सफर
टीना मुनीम 70 और 80 के दशक की सबसे फेमस एक्ट्रेसेज में शामिल थीं. उन्होंने 1978 में देव आनंद के साथ फिल्म 'देस परदेस' से बॉलीवुड में कदम रखा था. इसके बाद उन्होंने 'बातों बातों में', 'कर्ज', 'लूटमार', 'रॉकी', 'सौतन' और 'बड़े दिलवाला' जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया. अपनी मासूम मुस्कान, खूबसूरत आंखों और सहज एक्टिंग के दम पर वो दर्शकों की पसंदीदा हीरोइन बन गई थीं.
1991 में रिलीज हुई फिल्म 'जिगरवाला' उनकी आखिरी फिल्म थी, जिसमें उनके साथ अनिल कपूर नजर आए थे. इसके बाद, 2 फरवरी 1991 को टीना मुनीम ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के संस्थापक धीरूभाई अंबानी के छोटे बेटे अनिल अंबानी से शादी कर ली. शादी के बाद वो टीना अंबानी के नाम से जानी जाने लगीं.
टीना और अनिल अंबानी के दो बेटे हैं- जय अनमोल अंबानी और जय अंशुल अंबानी. उनके बड़े बेटे जय अनमोल अंबानी ने साल 2022 में कृशा शाह से शादी की थी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क