एक्ट्रेस सारा अर्जुन ने फिल्म 'धुरंधर' से लाइमलाइट में जगह बनाई थी. अब 'धुरंधर 2' के साथ एक बार फिर उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया है. सारा की डेब्यू फिल्म 'धुरंधर' ब्लॉकबस्टर हिट रही थी. इस दौरान एक्ट्रेस के पिता राज अर्जुन ने भी उनकी तारीफ की थी. अब एक बार फिर राज ने बेटी सारा पर प्यार लुटाया है. उन्होंने एक इमोशनल स्पीच देते हुए जाहिर किया कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है.
सारा को लेकर इमोशनल हुए पिता
कम्यून इंडियाज स्पोकेन फेस्ट में राज अर्जुन ने शिरकत की. उन्होंने यहां बताया कि बेटी सारा अर्जुन के जन्म के बाद उनकी जिंदगी कैसे बदल गई थी. बेटी के बारे में राज ने कहा, '2005 में एक आत्मा हमारे जीवन में आई. मैंने सुना था कि बेटियां एक आशीर्वाद होती हैं, फिर मुझे ये आशीर्वाद पाने का मौका मिला. उसके जन्म के कुछ वक्त बाद ही मुझे मेरी जिंदगी का पहला लीड रोल मिला था. वो पिक्चर अटक गई, लेकिन मेरे सीने में लगी आग मेरी बेटी की वजह से धधकती रही. अगर वो मेरी जिंदगी में न आई होती, तो मैं आज जो इंसान या आर्टिस्ट हूं, वो नहीं होता.'
उन्होंने आगे कहा, 'साल दर साल वो बड़ी हो रही थी, मैं स्ट्रगल कर रहा था. लेकिन उसने सिर्फ मेरी उंगली नहीं पकड़ी, उसने मेरी आत्मा को थामा. मैं टूट नहीं सकता था, न ही भाग सकता था, तो मैं रुक गया, और उस वक्त मेरे अंदर डर था, क्योंकि मेरी जेब में ज्यादा कुछ नहीं था. उसकी चमकती आंखों ने मुझे डटकर खड़े होने की हिम्मत दी, क्योंकि उसे मेरी जरूरत थी. उसने एक धुरंधर की तरह मेरा ख्याल रखा, और फिर मैंने सीखा कि जो जिंदगी में आपका सपोर्ट करता है, उसका ताकतवर होना जरूरी नहीं. एक पिता होना आसान नहीं है. कभी-कभी आपको पिता होना पड़ता है, कभी दोस्त और कभी भाई. कभी-कभी आपको उसकी उड़ान के लिए आसमान बनना पड़ता है. मैंने भी ये किया है और उम्मीद रखी है.'
इमोशनल राज अर्जुन ने याद किया कि उन्हें अपनी बेटी की ही वजह से आमिर खान की फिल्म 'सीक्रेट सुपरस्टार' में काम मिला था. उन्होंने कहा, 'एक दिन अचानक, साल 2016 में मैं उसे मुकेश छाबड़ा के ऑफिस लेकर गया. हमेशा ही तरह वो अंदर गई, मैंने बाहर इंतजार किया. उसने मुकेश का हाथ पकड़ा और उन्हें बाहर घसीट लाई. उसने अपनी किस्मत मेरी ओर मोड़ दी, और मैंने सीक्रेट सुपरस्टार में एक रोल पा लिया. वो मेरी बेटी बनी रही, साथ ही मां भी बनी. वो कभी-कभी मुझे समझाती थी. कभी मुझे थाम लेती थी, और कभी-कभी वो मेरा पूरा जहान उजागर कर देती थी.
अंत में राज अर्जुन ने कहा, 'आज जब मेरी बेटी दुनिया में रोशनी बिखेर रही है, एक धुरंधर की तरह, तो वो अपनी स्पॉटलाइट मेरे साथ शेयर कर रही है. तब मैंने उसका ख्याल रखता था, अब वो मेरा ख्याल रखती है. लोग कहते हैं कि बेटियां, पिता का हाथ थामकर आगे बढ़ती हैं. लेकिन मैं अपनी डेस्टिनेशन तक अपनी बेटी का हाथ थामकर पहुंचा हूं, और मुझे इसपर गर्व है. मेरी जिंदगी की ये दमक सारा कहलाती है.'
सारा अर्जुन ने फिल्म 'धुरंधर' से अपना हिंदी फिल्म डेब्यू किया था. आदित्य धर की इस फिल्म में उन्होंने यलीना का किरदार निभाकर खूब वाहवाही बटोरी. पिक्चर ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 1300 करोड़ रुपये कमाए. अब 'धुरंधर 2' के साथ सारा ने सिनेमाघरों में फिर वापसी कर ली है. इस फिल्म को खूब प्यार मिल रहा है. उम्मीद की जा रही है कि ये हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली पिक्चर बनेगी.
aajtak.in