रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' सिनेमाघरों में धूम मचा रही है. देश से लेकर विदेश तक पिक्चर के चर्चे हो रहे हैं. इसने भारतीय बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ वर्ल्डवाइड भी कमाई के कई रिकॉर्ड बनाए और तोड़े हैं. फिल्म में रणवीर सिंह ने जसकीरत सिंह रांगी नाम के भारतीय स्पाई का रोल निभाया है, जो पाकिस्तान के ल्यारी में हमजा अली मजहरी बनकर जाता है और गैंगस्टर्स की दुनिया का हिस्सा बनता है. 'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' में रणवीर सिंह ने जबरदस्त परफॉरमेंस दी है, जिसकी खूब तारीफ हो रही है.
रणवीर सिंह ने खुद झेला दर्द
10 अप्रैल को फिल्म 'डकैत' रिलीज होने वाली है. इस पिक्चर में अदिति शेष, मृणाल ठाकुर और डायरेक्टर अनुराग कश्यप नजर आने वाले हैं. फिल्म के प्रमोशन के दौरान कश्यप ने रणवीर सिंह की तारीफ की. उन्होंने 'धुरंधर 2' के क्लाइमैक्स पर बात की और कहा कि सीन में अर्जुन रामपाल और रणवीर सिंह दोनों ही काफी जख्मी है. दोनों ने इस सीन के लिए खास तैयारी नहीं की है, फिर भी ये बहुत तगड़ा असर डालता है. इसके बाद अनुराग कश्यप ने फिल्म 'लुटेरा' को याद किया.
अनुराग ने कहा कि फिल्म 'लुटेरा' के वक्त उन्होंने रणवीर सिंह को काम करते हुए देखा था. कश्यप इस फिल्म के प्रोड्यूसर थे. ये रणवीर के करियर की दूसरी फिल्म थी. पिक्चर के क्लाइमैक्स में उन्हें गोली लगी थी. इस सीन में उन्हें दर्द में दिखना था. ऐसे में रणवीर सिंह ने बिना किसी को बताए अपने पेट पर क्लिप लगा ली थी. ऐसे में सीन के लिए वो असली में दर्द में थे और तब तक दर्द में रहे जब तक चल नहीं पाए. शूटिंग के बाद एक्टर की हालत इतनी खराब हो गई थी कि उन्हें लोकेशन से एयरलिफ्ट करना पड़ा था. अनुराग कश्यप ने कहा कि फिल्म के लिए रणवीर का डेडीकेशन तगड़ा था, लेकिन 'धुरंधर' के मुकाबले उस पिक्चर ने कोई खास कमाई की ही नहीं थी.
फिल्म 'धुरंधर 2' की करें तो ये 19 मार्च को रिलीज हुई थी. 21 दिन में इसने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 1600 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. फिल्म में रणवीर सिंह, सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, संजय दत्त और राकेश बेदी संग कई बढ़िया सितारों ने काम किया है. डायरेक्टर आदित्य धर की बनाई 'धुरंधर' को दर्शकों का खूब प्यार मिला है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क