बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव 17 फरवरी को तिहाड़ जेल से अंतरिम जमानत पर बाहर आए. 5 फरवरी को उन्होंने चेक बाउंस केस में कर्ज की बकाया राशि न चुका पाने के कारण तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था. करीबन 12 दिन जेल में बिताने के बाद राजपाल भतीजी की शादी के लिए बेल पर बाहर आ चुके हैं. उन्होंने जेल के अंदर बिताए अपने एक्सपीरियंस को शेयर किया है.
राजपाल की दिल्ली की CM से अपील
एक इंटरव्यू में राजपाल ने बताया कि वो एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में हैं, जहां पैसा बनाया जाता है. लेकिन अंदर से वो एक किसान के बेटे हैं और खुद को किसान ही समझते हैं. एक्टिंग करना उनका पैशन है. इसलिए वो इस इंडस्ट्री में हैं. तिहाड़ जेल में काटे 12 दिनों का अनुभव शेयर करते हुए राजपाल ने इंडिया टीवी संग बातचीत में कहा कि जेल में मौजूद कैदियों में से 10 प्रतिशत से कम को ही दूसरा मौका मिल पाता है.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से अनुरोध करते हुए राजपाल ने कहा- मैं उनसे अपील करना चाहूंगा कि वहां मौजूद कुछ लोगों के लिए वो कुछ करें, क्योंकि किसी की 1 गलती को नजरअंदाज किया जा सकता है. हालांकि मैं न्यायपालिका और उनके फैसले का पूरा सम्मान करता हूं. लेकिन अगर हम उनके लिए कुछ कर सकें, तो अच्छा रहेगा.
जब राजपाल से तिहाड़ जेल के उनके रूटीन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने ज्यादा कुछ तो नहीं कहा, बस इतना बताया कि वहां का खाना अच्छा है. वो कहते हैं- तिहाड़ जेल अच्छे से मैनेज किया गया है. इसका लंबा इतिहास भी रहा है. वहां का खाना बहुत अच्छा था. राजपाल को भले ही कुछ दिनों के लिए बेल मिल गई है. लेकिन उनकी मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई है. दिल्ली हाईकोर्ट से उन्हें 18 मार्च तक ही जमानत मिली है.
मुश्किल भरे इस वक्त में राजपाल के साथ पूरी इंडस्ट्री खड़ी रही. सलमान खान, अजय देवगन, सोनू सूद, गुरु रंधावा, राव इंद्रजीत सिंह, वरुण धवन जैसे सितारों ने एक्टर को आर्थिक मदद देने का वादा किया. राजपाल के परिवार, मैनेजर और पत्नी राधा ने सेलेब्स का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया. राजपाल जेल से बेल मिलने के बाद अपनी भतीजी की शादी में शामिल हो सकेंगे.
aajtak.in