बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव को चेक बाउंस केस में जेल मिलेगी या फिर होगी बेल? इस पर 16 फरवरी यानी आज दिल्ली की कोर्ट में फैसला होना है. एक्टर की पत्नी राधा और फैंस को उम्मीद है कि वो तिहाड़ जेल से बाहर निकल आएंगे. कोर्ट का फैसला आने से पहले सोनू सूद ने राजपाल यादव के लिए खास पोस्ट लिखा है.
सोनू सूद ने पोस्ट में क्या लिखा?
इंस्टा स्टोरी में सोनू सद ने लिखा- आज हमारे राजपाल यादव भाई के लिए अहम दिन है. दुआ करता हूं कि चीजें सही दिशा में आगे बढ़ें और उन्हें राहत मिले. क्योंकि वो इसे डिजर्व करते हैं. वो रेयर टैलेंट हैं और शानदार इंसान हैं. इस मोमेंट को बर्बाद न किया जाए, हम राजपाल के साथ खड़े हैं और आगे भी रहेंगे, जब तक चीजें सही न हो जाएं.
मालूम हो, सोनू सूद इंडस्ट्री के वो पहले शख्स हैं जिन्होंने सामने आकर राजपाल यादव को मदद का भरोसा दिया था. सोनू सूद ने X पर पोस्ट शेयर कर लिखा था- ''राजपाल यादव एक गिफ्टेड एक्टर हैं, जिन्होंने इंडस्ट्री में सालों तक शानदार काम किया है. कभी-कभी जिंदगी नाइंसाफी करती है और ऐसा हुनर की कमी से नहीं बल्कि खराब वक्त की वजह से होता है. वो मेरी फिल्म में काम करेंगे, और मुझे लगता है कि यह हम सबके लिए, चाहे वो प्रोड्यूसर हों, डायरेक्टर हों या साथ काम करने वाले हो, एक साथ खड़े होने का वक्त है.''
''काम शुरू करने के लिए दी गई थोड़ी सी रकम (साइनिंग अमाउंट), जिसे आगे के काम में जोड़ा जा सके, कोई दान नहीं है, बल्कि सम्मान है, जब हमारा अपना कोई मुश्किल दौर से गुजर रहा हो, तो पूरी इंडस्ट्री को उन्हें यह एहसास दिलाना चाहिए कि वे अकेले नहीं हैं. इसी तरह हम दिखाते हैं कि हम सिर्फ एक इंडस्ट्री नहीं, बल्कि एक परिवार हैं.''
सोनू सूद ही नहीं, मुश्किल की इस घड़ी में राजपाल को कई और फिल्म कलाकारों का सपोर्ट मिला है. सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन, डेविड धवन जैसे स्टार्स ने राजपाल को आर्थिक मदद दी है. भोजपुरी और पंजाबी इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने भी एक्टर को मदद का भरोसा दिया है. इंडस्ट्री से मिले इस सपोर्ट पर उनकी पत्नी ने आभार जताया है.
aajtak.in