इंडियन फिल्म दर्शकों में धुरंधर 2 का क्रेज ऐसा है कि हर दिन ये फिल्म कमाई के नए रिकॉर्ड बना रही है. लोग बार-बार जाकर फिल्म देख रहे हैं और इसकी बात करते नहीं थक रहे. इस क्रेज के चलते जहां आधा दर्जन इंडियन फिल्में अपनी रिलीज डेट बदल चुकी हैं, वहीं हॉलीवुड फिल्म प्रोजेक्ट हेल मैरी ने तगड़ा सरप्राइज दिया है. हॉलीवुड स्टार रायन गॉसलिंग की इस साइंस-फिक्शन ड्रामा ने लोगों का ध्यान ऐसा खींचा है कि ये धुरंधर 2 की सुनामी के बीच भी बॉक्स ऑफिस पर बिना हिले-डुले खड़ी है.
बेहद लिमिटेड शोज के बावजूद धाकड़ बनी प्रोजेक्ट हेल मैरी
हर थिएटर को सबसे मजबूत फिल्म चलाकर कमाई का लालच रहता ही है. इसलिए धुरंधर 2 जैसी रिकॉर्डतोड़ रन वाली फिल्म के सामने नई फिल्मों को पर्याप्त स्क्रीन्स मिलना कितनी बड़ी चुनौती होगी, ये आप समझ सकते हैं.
इस चुनौती के चक्कर में प्रोजेक्ट हेल मैरी की इंडिया रिलीज एक हफ्ते टाली गई थी. पहले ये 19 मार्च को धुरंधर 2 के साथ ही आने वाली थी. मगर स्क्रीन्स के पंगे की वजह से इसे एक हफ्ते के लिए टालकर 26 मार्च, गुरुवार को रिलीज किया गया. लेकिन धुरंधर 2 की सुनामी का असर देखिए— इंडिया में डेली प्रोजेक्ट हेल मैरी को उतने ही शोज मिल पा रहे हैं, जितने धुरंधर 2 को सिर्फ दिल्ली में मिल रहे हैं.
सैकनिल्क का डेटा बताता है कि शनिवार को धुरंधर 2 को सिर्फ दिल्ली में 1600 से ज्यादा शोज मिले थे. शनिवार को भारत में प्रोजेक्ट हेल मैरी को कुल इतने ही शोज मिले थे. लेकिन इसके बावजूद ये फिल्म अपने लिमिटेड शोज में जमकर भीड़ जुटा रही है.
प्रोजेक्ट हेल मैरी ने गुरुवार को इन लिमिटेड शोज से ही 2.25 करोड़ नेट इंडिया कलेक्शन के साथ सॉलिड ओपनिंग की थी. शुक्रवार को कलेक्शन थोड़ा बढ़कर 2.90 करोड़ तक गया था. जबकि वर्किंग डे होने की वजह से शुक्रवार को धुरंधर 2 जैसी ग्रैंड फिल्म की कमाई, गुरुवार के मुकाबले कम हुई थी. अब शनिवार को तो प्रोजेक्ट हेल मैरी ने धमाका ही कर दिया. तीसरे दिन फिल्म ने 4.60 करोड़ नेट कलेक्शन किया है, जो शुक्रवार के मुकाबले 58% से ज्यादा जंप है.
अब तक तीन दिनों में प्रोजेक्ट हेल मैरी ऑलमोस्ट 10 करोड़ नेट इंडिया कलेक्शन कर चुकी है. अपने हिस्से आई लिमिटेड स्क्रीन्स पर ही प्रोजेक्ट हेल मैरी इस बात का सबूत है कि फिल्म दमदार है, तो ऑडियंस खोज ही लेगी. उधर बॉलीवुड से साउथ तक धुरंधर 2 के चक्कर में लगभग आधा दर्जन फिल्मों ने अपनी रिलीज डेट बदली है. यश की टॉक्सिक, धमाल 4; तेलुगु इंडस्ट्री की पेद्दी, पैराडाइस, डकैत जैसी फिल्में रिलीज डेट टाल चुकी हैं. चर्चा है कि 10 अप्रैल को आ रही अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला भी टल सकती है. इन सारी फिल्मों के लिए हॉलीवुड रिलीज प्रोजेक्ट हेल मैरी की धाकड़ कमाई एक बढ़िया उदाहरण है.
aajtak.in