शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की 'ओ रोमियो' धीरे-धीरे जनता को अपील करने में कामयाब हो रही है. पहले दिन उम्मीद से स्लो शुरुआत और वीकेंड में इंडिया-पाकिस्तान क्रिकेट मैच का शिकार बनी ये फिल्म, हफ्ते के बीच में दर्शकों को खींचने में कामयाब हो रही है.
सोमवार और मंगलवार को खास ऑफर्स के भरोसे मजबूत नजर आई 'ओ रोमियो' के बुधवार को कमजोर पड़ने के अनुमान लगाए जाने लगे थे. मगर फिल्म को वर्किंग डेज में दर्शक मिल रहे हैं, इस बात का सबूत है इसका सॉलिड बॉक्स ऑफिस होल्ड. इस होल्ड के दम पर 'ओ रोमियो' ने 50 करोड़ का लैंडमार्क पार कर लिया है.
हफ्ते भर दमदार रही 'ओ रोमियो'
34 करोड़ से ज्यादा वीकेंड कलेक्शन करके आई 'ओ रोमियो' के टिकट पर सोमवार और मंगलवार को स्पेशल ऑफर्स रहे. सोमवार को एक के साथ एक टिकट फ्री और मंगलवार को ब्लॉकबस्टर ट्यूस्डे ऑफर के सस्ते टिकट ने जनता को थिएटर्स तक खींचा. इन दोनों दिन फिल्म का कलेक्शन 5-6 करोड़ की रेंज में रहा.
लोगों ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि बुधवार से जब कोई ऑफर नहीं होगा, तो फिल्म गिरने लगेगी. लेकिन बुधवार को 'ओ रोमियो' ने ऑलमोस्ट 4 करोड़ का कलेक्शन किया. जबकि ऑफिशियल आंकड़े गुरुवार का कलेक्शन 3 करोड़ से ज्यादा बता रहे हैं. यानी सोमवार से लेकर गुरुवार तक 'ओ रोमियो' का बॉक्स ऑफिस होल्ड लगातार सॉलिड बना रहा. अब 7 दिन में हाफ सेंचुरी लगाने के साथ 'ओ रोमियो' ने बॉक्स ऑफिस पर 52.51 करोड़ कलेक्शन कर लिया है.
'ओ रोमियो' से नया रिकॉर्ड बनाने जा रहे शाहिद कपूर
इस शुक्रवार बॉलीवुड से दो फिल्में थिएटर्स में पहुंच रही हैं- 'अस्सी' और 'दो दीवाने शहर में'. इन दोनों ही फिल्मों का अभी तक कुछ खास माहौल बनता नजर नहीं आ रहा. और अगले शुक्रवार आ रही 'द केरला स्टोरी' के लिए भी अभी कुछ खास माहौल बना नहीं है. यानी कम से कम दो हफ्तों तक 'ओ रोमियो' के लिए थिएटर्स में टिके रहने का मैदान खुला है.
अगर शाहिद की फिल्म इसी तरह आगे बढ़ती रही तो इस वीकेंड के बाद इसका कलेक्शन 70 करोड़ के बहुत करीब पहुंच सकता है. 'ओ रोमियो' के पास पूरा चांस है कि ये बॉक्स ऑफिस पर 85 करोड़ तक नेट कलेक्शन कर ले. इसका लाइफटाइम कलेक्शन 85 करोड़ तक पहुंच सकता है, जो मेकर्स के लिए एक बहुत अच्छी खबर होगी.
लॉकडाउन के बाद से शाहिद की 4 फिल्में रिलीज हुई हैं, लेकिन किसी ने भी सैकड़े का आंकड़ा नहीं छुआ है. लॉकडाउन के बाद यानी पिछले 6 साल में उनकी सबसे बड़ी फिल्म 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' है, जिसका कलेक्शन करीब 80 करोड़ रुपये था. लेकिन एक हफ्ते के ट्रेंड से 'ओ रोमियो' इसे पीछे छोड़ने के लिए तैयार नजर आ रही है.
'ओ रोमियो' भले 130 करोड़ के बजट में बनी है, लेकिन इसके राइट्स की सेल के साथ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन जोड़ने पर मेकर्स के लिए ये फायदेमंद ही साबित होगी. अब देखना है कि बॉक्स ऑफिस पर शाहिद और तृप्ति की फिल्म कितनी दूर तक जा पाती है.
सुबोध मिश्रा