फिल्म 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस गाने में काम करने के लिए एक्ट्रेस नोरा फतेही भी जमकर ट्रोल हो रही हैं. अब नोरा ने इसे करने पर सफाई दी है. उन्होंने विवाद के बारे में बात करते हुए बताया कि पिक्चर के डायरेक्टर से उन्होंने हिंदी लिरिक्स के खराब होने के बारे में पहले ही कहा था. साथ ही उन्होंने दावा किया कि गाने का लिरीकल वर्जन उनकी जानकारी के बिना बनाया और रिलीज किया गया है.
नोरा फतेही ने दी सफाई
नोरा फतेही ने इंस्टाग्राम पर अपना वीडियो पोस्ट किया. इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'मुझे इस बात से नफरत है कि कोई सोचे कि मैं ऐसी चीज का समर्थन करती हूं. इस बैकलैश के लिए आपका शुक्रिया, क्योंकि इस दबाव की वजह से फिल्ममेकर्स ने खुशी-खुशी इस गाने को हटा लिया है. मैं सभी से अनुरोध करती हूं कि गाने को शेयर करना बंद कर दें, क्योंकि आप बस इसे अनावश्यक रूप से प्लेटफॉर्म दे रहे हैं. एक साइड नोट पर, मैं देख रही हूं कि कुछ लोग इस मौके का फायदा उठाकर मेरे चरित्र पर हमला करने की कोशिश कर रहे हैं. यह दुर्भाग्यपूर्ण है. खैर, मैं और मेरी टीम भविष्य में ऐसी स्थितियों में ज्यादा सतर्क रहेंगे. हालांकि मैं दोहराना चाहती हूं कि मुझे इस हिंदी गाने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी, मैंने इसमें परफॉर्म नहीं किया और मेरी इमेज इस्तेमाल करने की कोई अनुमति नहीं ली गई.
नोरा अपनी वीडियो में कह रही हैं कि उन्होंने 'सरके चुनर' गाना इसलिए किया, क्योंकि यह एक बड़ी फिल्म का हिस्सा था और संजय दत्त जैसे स्टार इसमें थे. उन्हें लगा कि यह 'खलनायक हूं मैं' गाने का रीमेक होगा. उन्होंने बताया, 'मैंने यह गाना तीन साल पहले कन्नड़ भाषा में शूट किया था, जो सैडलवुड नाम के अलग इंडस्ट्री का हिस्सा है. जब मैं सेट पर गाना शूट कर रही थी, मैं फिल्ममेकर्स पर निर्भर थी कि वे गाने का अनुवाद करें, और मैं उसी पर जाती हूं. जब वे गाने का अनुवाद कर रहे थे, तो मुझे कुछ भी अनुचित या अश्लील नहीं लगा. जो उन्होंने अभी किया है, हिंदी वर्जन बनाकर आवाज हिंदी में डब करना और ऐसे लिरिक्स रखना जो बहुत अनुचित हैं, मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं थी. उन्होंने कोई अप्रूवल नहीं लिया, मेरी कोई परमिशन नहीं ली.'
एक्ट्रेस के मुताबिक, गाने के अलग-अलग भाषा वाले वर्जनों के पोस्टर्स पर दिख रही उनकी इमेज AI-जनरेटेड है. इन पोस्टर में नोरा फतेही को एक्टर संजय दत्त की गोद में बैठे देखा जा सकता है. फतेही ने कहा कि एक 'नेपो बेबी' न होने के नाते उनके पास कोई बैकिंग नहीं है और उन्हें खुद को मिलने वाले मौकों का सम्मान करना पड़ता है. उन्होंने कहा, 'जब उन्होंने हिंदी वर्जन प्ले किया, मुझे पता चल गया कि यह खत्म है. मुझे पता था कि हमें समस्या होगी, क्योंकि कम से कम मुझे हिंदी समझ आती है. मैंने डायरेक्टर से कहा, यह ठीक नहीं होगा. इससे बहुत बैकलैश होगा. मैंने खुद को प्रोजेक्ट से अलग कर लिया. जैसा आप देख सकते हैं, मैंने इसे प्रमोट नहीं किया. मैंने फिर से डायरेक्टर को फ्लैग किया. मैंने कहा, मेरी इमेज और रेपुटेशन दांव पर लगी है.'
नोरा ने आगे कहा, 'हम नेपो किड्स नहीं हैं. हमारे पीछे कोई पावर नहीं है. बस हम हैं. हम सिर्फ इंडिविजुअल हैं और हमारे पीछे ऑडियंस है. हमारे पास थोड़ी पावर है. थोड़ा कंट्रोल है.' एक्ट्रेस ने कहा कि मीडिया को फिल्ममेकर्स को जवाबदेह ठहराना चाहिए और कलाकार की बजाय उनके नाम और इमेज का इस्तेमाल करना चाहिए. उन्होंने कहा, 'यह काउंटरप्रोडक्टिव है, क्योंकि हमारे पास ऐसी परिस्थितियों का कंट्रोल नहीं है. अगर आप सच में समाधान चाहते हैं, तो आपको फिल्ममेकर्स और कंटेंट के पीछे वाले लोगों को जवाबदेह ठहराना शुरू करना होगा.'
aajtak.in