फिल्ममेकर कुणाल कोहली ने रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर 2' की सफलता पर बात की है. उन्होंने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में इसे लेकर लोगों के बीच में दुविधा फैली हुई थी. डायरेक्टर के अनुसार, इंडस्ट्री के कई टॉप फिल्ममेकर्स का मानना था कि फिल्म को अपने ओपनिंग वीकेंड के बाद बॉक्स ऑफिस पर स्ट्रगल करना पड़ेगा. लेकिन 'धुरंधर 2' ने उन्हें गलत साबित करते हुए अपने पहले सोमवार से ही जोरदार रफ्तार पकड़ ली और अब ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी कमाई कर रही है.
बॉलीवुड को था शक
स्क्रीन मैगजीन को दिए इंटरव्यू में कुणाल कोहली ने बताया कि शुरुआत में इंडस्ट्री ने फिल्म को ज्यादा सपोर्ट नहीं किया था. आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर 2' ने पहले दिन ही 102.55 करोड़ रुपये का शानदार नेट कलेक्शन किया. इसके बाद पहले सोमवार को फिल्म ने 65 करोड़ रुपये की कमाई की. फिल्म इंडस्ट्री के शुरुआती रिएक्शन के बारे में बात करते हुए कुणाल कोहली ने कहा, 'जब इंडस्ट्री किसी फिल्म का सपोर्ट नहीं करती, तब भी फिल्म चल जाती है. धुरंधर का तो किसी ने सपोर्ट ही नहीं किया था. मैंने जिन सबसे बड़े डायरेक्टर्स से बात की, उन्होंने कहा- सोमवार को बैठ जाएगी. लेकिन सोमवार को फिल्म और तेजी से चल निकली.'
कोहली ने 'बॉर्डर 2' का भी उदाहरण दिया. डायरेक्टर अनुराग सिंह की बनाई इस फिल्म में सनी देओल ने लीड रोल निभाया है. इस पीरियड वॉर ड्रामा ने इंडस्ट्री की शंकाओं के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया. फिल्म की सफलता पर अपनी राय देते हुए कुणाल कोहली ने कहा, 'बॉर्डर 2 का भी किसी ने सपोर्ट नहीं किया. लोग कह रहे थे कि दूसरे वीक में थोड़ी बैठ जाएगी. लेकिन फिल्म ने 300 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए. क्या कह रहे हो. ये ब्लॉकबस्टर है. चर्चा खत्म. इंडस्ट्री आपको सपोर्ट करे या न करे, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता.'
कोहली ने खुद भी झेली दिक्कतें
डायरेक्टर ने अपनी 2004 की रोमांटिक कॉमेडी 'हम तुम' का भी जिक्र किया. कुणाल कोहली ने बताया कि प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा ने उन्हें फिल्म के प्रीव्यू शो में न आने की सलाह दी थी, क्योंकि इंडस्ट्री के लोग पॉजिटिव रिस्पॉन्स नहीं दे सकते थे. उन्होंने कहा, 'वे यश जी, आदि या सैफ को कॉल कर सकते थे, लेकिन उन्होंने मुझे, यानी फिल्म के डायरेक्टर को कॉल किया. सौ में से एक-दो लोग ऐसे होते हैं, लेकिन शुक्र है कि वो एक-दो लोग होते हैं.'
जब उनसे पूछा गया कि क्या फिल्म इंडस्ट्री में सपोर्ट सच्चा होता है, तो कोहली ने साफ जवाब दिया, 'यहां स्क्रैच माय बैक बहुत कम होता है, क्योंकि अगर आप किसी को अपनी पीठ खुजलाने दो, तो वो शायद आपकी पीठ में छुरा घोंप दे.' ये कहते हुए डायरेक्टर हंस पड़े.
इस बीच 'धुरंधर: द रिवेंज' की सिनेमाघरों में अपनी सफल दौड़ जारी है. फिल्म अब अपने चौथे हफ्ते में चल रही है. इसके लगभग 1,718 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. भारत में इसका नेट कलेक्शन 1,088 करोड़ रुपये हो चुका है. इसी के साथ 'धुरंधर 2', इस साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक बन गई है. आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी 3000 करोड़ रुपये कमाने वाली पहली भारतीय फिल्म फ्रेंचाइजी बन गई है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क