एक्ट्रेस सारा अली खान को लेकर बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष ने एक अटपटा बयान दिया था. चारधाम यात्रा की शुरुआत की तैयारियों में लगे अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा था कि मंदिर में दर्शन करने के लिए सारा को हलफनामा जमा करना होगा, जो उनके सनातनी होने का सबूत माना जाएगा.
कंगना ने कही ये बात
17 मार्च को हेमंत द्विवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी थी. इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी गैर-हिंदुओं को मंदिरों में आशीर्वाद लेने की इच्छा होने पर हलफनामा जमा करना होगा. इस खबर पर अब कंगना रनौत का रिएक्शन सामने आया है. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, 'सब सनातनी हैं. यहां पर जो भी हैं, सब सनातनी हैं. सनातन मतलब जिसका न कोई आदि है न अंत. सारे धर्म 1000-1500 साल पुराने हैं. सनातन ही है जो सत्य है. तो वो भी सनातनी ही हैं. सत्य लिखने में क्या घबराहट.'
अध्यक्ष ने क्या कहा था?
19 अप्रैल से उत्तराखंड की चारधाम यात्रा शुरू हो रही है. इसके बारे में बात करते हुए BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा था कि सभी सनातनियों का स्वागत है, लेकिन गैर सनातनी और गैर हिंदुओं को मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा. जो भी सनातन धर्म में आस्था रखता है वह सनातनी है. उन्होंने आगे सारा अली खान का जिक्र करते हुए कहा कि एक्ट्रेस को मंदिर में प्रवेश के लिए एफिडेविट देना होगा कि वो सनातनी है. इसके बाद ही उन्हें प्रवेश करने दिया जाएगा. हेमंत ने कहा, 'सारा अली खान भी कहेंगी कि सनातन धर्म में मेरी आस्था है, मेरा भाव है और वह हमें एफिडेविट देगी तो हम उनको भी दर्शन करवा देंगे.'
हेमंत द्विवेदी के इस बयान की कांग्रेस ने आलोचना की थी. एक्ट्रेस सारा अली खान ने अभी तक इस विवाद पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. सारा कुछ वक्त पहले एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर के साथ केदारनाथ गई थीं. 2025 में भी उन्होंने मंदिर में दर्शन किए थे. करण जौहर के 'कॉफी विद करण 7' के एक एपिसोड में सारा और जाह्नवी को साथ देखा गया था. यहां उन्होंने अपने 'नियर-डेथ' एक्सपीरिएंस का खुलासा किया था.
सारा अली खान ने कहा था, 'हमने भैरवनाथ जाने का फैसला किया था और वहां चलने के लिए एक रास्ता था. लेकिन हमने खुद को बेहतर समझा. हमने हाइक करने का फैसला किया. वहां सिर्फ चट्टानों की 85 डिग्री की ढलान थी, और जाह्नवी कपूर ने कहा, 'चलो इसे चढ़ते हैं.' सारा ने माना कि उस समय उन्होंने न चाहते हुए भी हामी भर दी थी. दोनों को रास्ते में काफी दिक्कत हुई. वो एक चट्टान से गिरने वाले थे. 30 मिनट परेशान होने के बाद एक्ट्रेस के ड्राइवर ने उन्हें ढूंढकर उनकी मदद की थी.
aajtak.in