आदित्य धर ने साबित कर दिया कि अगर कंटेंट में दम हो, तो जनता उसे देखने जरूर से पहुंचेगी. फिल्म 'धुरंधर द रिवेंज' को रिलीज हुए पांच दिन बीत चुके हैं, और इसने वर्ल्डवाइड 700 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा भी लिए हैं. फिल्म में दिखाए ट्विस्ट और स्टोरी की खूब चर्चा हो रही है. सोशल मीडिया पर लोग रणवीर सिंह समेत हर एक एक्टर की तारीफ कर रहे हैं.
'धुरंधर द रिवेंज' का इंतजार काफी समय से किया जा रहा था. अब जब ये फिल्म हमारे सामने आई, तो इसने कई लोगों को सरप्राइज किया. अगर आपने फिल्म देखी होगी, तो आप इसका क्लाइमैक्स भी जानते होंगे. 'धुरंधर 2' में हमजा के साथ-साथ कई लोगों को तगड़ा शॉक मिलता है जब जमील जमाली का किरदार एक इंडियन स्पाई एजेंट निकलता है.
कहां छिपकर बैठ गए रियल जमील जमाली?
जमील जमाली धुरंधर फिल्म का ऐसा किरदार है, जो अपनी कॉमिक टाइमिंग से सभी को हंसाता आ रहा था. किसी को भी उसपर 1% शक नहीं था. मगर वो स्पाई एजेंट वाले ट्विस्ट ने सबको हक्का-बक्का कर दिया. इस ट्विस्ट के बाद खुद को रियल जमील जमाली कहने वाले पाकिस्तानी नेता नबील गबोल भी शक के कटघरे में आ चुके हैं.
नबील गबोल जबसे 'धुरंधर 1' आई, तबसे एक अलग ही शान में घूम रहे थे. वो अपने हर इंटरव्यू में दावा कर रहे थे कि जमील जमाली वाला किरदार उनपर बेस्ड है. उन्होंने फिल्म में अपने किरदार पर नाराजगी भी जाहिर की थी. नबील गबोल कहते थे कि उनके किरदार को बड़ा कॉमिक अंदाज में दिखाया गया, जबकि वो असल जिंदगी में दबंग किस्म के इंसान हैं. इन बातों के अलावा पाकिस्तानी नेता ने फिल्म में अपनी फैमिली की गलत स्टोरी दिखाने पर भी सवाल किए थे.
अब 'धुरंधर द रिवेंज' में जब जमील जमाली को इंडिया का स्पाई एजेंट दिखाया गया, तो लोग नबील गबोल को ढूंढने में लगे हुए हैं. सोशल मीडिया पर इंडियन फैंस उनकी जमकर टांग खींच रहे हैं. उनका कहना है कि अब नबील गबोल की फील्डिंग सेट होने वाली है. X पर नबील गबोल की फोटो के साथ पोस्ट वायरल हैं, जिसमें लिखा है, 'पहले पार्ट में बड़ी शान से नबील गबोल ने जमील जमाली के रोल का क्रेडिट लिया था कि ये उनकी जिंदगी पर बेस्ड है.'
'लेकिन धुरंधर 2 में जमील जमाली को इंडियन स्पाई दिखाया गया है, जो दाऊद को भी जहर देता है. अब असली सवाल ये है कि क्या नबील गबोल इसका भी क्रेडिट लेंगे?' यूजर्स ने गूगल के स्क्रीनशॉट भी शेयर किए हैं, जिसमें धुरंधर 2 आने के बाद नबील गबोल को रॉ एजेंट घोषित कर दिया गया है. सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी नेता की खूब खिल्ली उड़ रही है.
जमील जमाली के किरदार पर क्या बोले थे राकेश बेदी?
नबील गबोल के दावों के बाद राकेश बेदी ने भी अपने जमील जमाली के किरदार पर सफाई दी थी. उन्होंने कई इंटरव्यूज में ये साफ किया कि जमील जमाली सिर्फ एक पाकिस्तानी नेता की कहानी नहीं है. उन्होंने अलग-अलग पाकिस्तानी नेताओं को नोटिस करके, अपने किरदार जमील जमाली को बनाया है और उसे पर्दे पर उतारा है.
राकेश बेदी ने ये भी कहा था कि नबील गबोल अगर ऐसा सोच रहे हैं कि ये किरदार सिर्फ उनपर ही बेस्ड हैं, तो इसमें वो कुछ नहीं कर सकते. हालांकि जब 'धुरंधर 2' आई, तो एक्टर भी पाकिस्तानी नेता की टांग खींचने से पीछे नहीं हटे. उन्होंने कहा कि धुरंधर 2 देखने के बाद, नबील गबोल खुद हाथ जोड़कर कहेंगे कि ये किरदार उनपर बेस्ड नहीं था.
aajtak.in