फिल्ममेकर आदित्य धर की 'धुरंधर 2' का बेसब्री से इंतजार हो रहा है. फिल्म से जुड़ी कोई भी छोटी सी जानकारी मार्केट में सनसनी मचा रही है. बीते दिनों खबर आई कि 'धुरंधर 2' के रन-टाइम और खून-खराबे में थोड़ी कमी की गई है. सेंसर बोर्ड की इन डीटेल्स ने फैंस को हैरान किया था. मगर अब इंडिया टुडे/आजतक को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक, ये सेंसर डीटेल्स गलत हैं.
क्या है 'धुरंधर 2' से जुड़ी असली जानकारी?
खबर थी कि 'धुरंधर 2' का टोन बहुत बदल गया है. अब ये UA 16+ सर्टिफिकेट वाली हो गई है, और इसका रनटाइम भी फाइनल हो गया है. लोग ऑनलाइन इसी पर बात कर रहे थे. लेकिन अब ये सारी खबरें गलत और भ्रामक हैं. सेंसर बोर्ड की वेबसाइट पर जो नया सर्टिफिकेट दिख रहा है, वो धुरंधर 2 के थिएटर रिलीज के लिए नहीं है. वो तो पहले वाली 'धुरंधर' फिल्म के टीवी प्रीमियर के लिए है.
एक इंडस्ट्री सूत्र ने हमें बताया कि 'धुरंधर 2' अभी सेंसर बोर्ड में सबमिट ही नहीं हुई है. टीम पिछले हफ्ते तक कुछ सीन शूट कर रही थी. सूत्र ने आगे बताया कि सीक्वल का नाम धुरंधर: द रिवेंज है. लेकिन वायरल हो रहे सर्टिफिकेट में सिर्फ धुरंधर लिखा है, मतलब वो पहली फिल्म का है, दूसरी का नहीं.
वहीं पहली 'धुरंधर' को पहले 214 मिनट का सर्टिफिकेट मिला था. फिर बलोच कम्युनिटी के कुछ लोगों ने कुछ डायलॉग्स पर आपत्ति जताई, तो फिल्म एडिट की गई और रनटाइम 208 मिनट 56 सेकंड हो गया. अब टीवी वर्जन में और थोड़ा काटा गया है, तो रनटाइम 208 मिनट रह गया है.
पहले 'धुरंधर' को 'A' सर्टिफिकेट मिला था. अब टीवी पर दिखाने के लिए 'UA 16+' कर दिया गया है. क्योंकि 'A' वाली फिल्म बिना एडिट के टीवी पर नहीं चल सकती. टीवी के लिए कुछ सीन काटे गए हैं, गालियों को म्यूट किया गया है, ताकि ब्रॉडकास्ट नियमों के हिसाब से ठीक हो. 'धुरंधर' थिएटर से 3 महीने बाद टीवी पर आने वाली है. मार्च के पहले हफ्ते में स्टार गोल्ड टीवी चैनल पर ये प्रीमियर होगी. यानी वो वायरल सर्टिफिकेट 'धुरंधर 2' का नहीं, बल्कि पहली फिल्म के टीवी वर्जन का है. धुरंधर 2 अभी सेंसर में नहीं गई है.
बात करें फिल्म 'धुरंधर 2' की, तो इसमें रणवीर सिंह के किरदार को और भी बड़ा दिखाया जाएगा. इसमें वो पाकिस्तान में रहकर अपना बदला लेगा और आतंकवाद को खत्म करेगा. वहीं इस फिल्म में बड़े साहब की असली पहचान का भी खुलासा होगा. ये फिल्म 19 मार्च को थिएटर्स में रिलीज होगी.
सना फरज़ीन