साउथ में बनी पैन इंडिया फिल्मों का हिंदी ऑडियंस पर जादू दिखाना 2016 में शुरू हो गया था. तेलुगु सिनेमा से बाहुबली फ्रेंचाइजी, RRR, पुष्पा फ्रेंचाइजी, कार्तिकेय 2 और हनुमान जैसी फिल्मों ने हिंदी में भी खूब बिजनेस किया. कन्नड़ इंडस्ट्री से आए यश को KGF ने पैन इंडिया स्टार बना दिया. लेकिन इस एक दशक में कोई बॉलीवुड फिल्म साउथ के दर्शकों में वैसी जगह नहीं बना पाई थी कि पैन इंडिया फॉर्मूले की कामयाबी दोतरफा लगे.
ऐसा लगता था कि ये बस साउथ फिल्मों के काम ही आएगा. लेकिन धुरंधर 2 सारे पुराने कायदे-कानून तोड़ने वाली फिल्म है. रणवीर की फिल्म साउथ के चारों राज्यों में भी जनता को ऐसा दीवाना बना रही है कि इसने वहां ऑल टाइम रिकॉर्ड बना दिया है. धुरंधर 2 अब साउथ में सबसे बड़ा बिजनेस करने वाली बॉलीवुड फिल्म है और दूसरी सबसे बड़ी नॉन-साउथ फिल्म.
धुरंधर 2 का साउथ में बॉक्स ऑफिस बवंडर
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर जेरिन जॉर्जकुट्टी का डेटा बताता है कि धुरंधर 2 ने सिर्फ कर्नाटक में ही 100 करोड़ से ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन किया है. कर्नाटक में पहली बार किसी बॉलीवुड फिल्म ने इतनी कमाई की है. तेलुगु राज्यों आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में धुरंधर 2 ने लगभग 78 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया है. कुछ ही दिनों में रणवीर की फिल्म तेलुगु मार्केट में भी सेंचुरी लगाती नजर आएगी.
दूसरी इंडस्ट्रीज की फिल्मों के लिए अपने दरवाजे सबसे कम खोलने वाले केरल और तमिलनाडु में भी धुरंधर 2 ने धुआंधार कमाई की है. केरल में 15.60 करोड़ कलेक्शन के साथ ये सबसे बड़ी बॉलीवुड फिल्म बन चुकी है और तमिलनाडु में इसने लगभग 30 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन किया है.
चारों राज्यों की कमाई मिलाकर धुरंधर 2 ने सिर्फ साउथ में ही 226 करोड़ से ज्यादा बिजनेस कर लिया है और ये सिर्फ 11 दिनों की कमाई है. साउथ में अब धुरंधर 2 सबसे बड़ी बॉलीवुड फिल्म है. इसने शाहरुख खान की जवान का टॉप रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसने साउथ से 188 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन किया था.
साउथ में दूसरी सबसे बड़ी नॉन-साउथ फिल्म धुरंधर 2
साउथ में सबसे बड़ी नॉन-साउथ फिल्मों में भी धुरंधर 2 टॉप पर पहुंचने वाली है. अभी ये रिकॉर्ड हॉलीवुड फिल्म अवतार 2 (2022) के नाम है, जिसने साउथ के चार राज्यों से करीब 297 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन किया था. इसके बाद दूसरे नंबर पर बॉलीवुड की जवान थी, जिसे धुरंधर 2 ने पीछे छोड़ दिया है.
साउथ के बेंगलुरु, चेन्नई, कोच्चि, हैदराबाद और विशाखापट्टनम जैसे बड़े शहरों में धुरंधर 2 जमकर भीड़ जुटा रही है. इन शहरों में दूसरे सोमवार को भी धुरंधर 2 के शोज फास्ट-फिलिंग मोड में हैं और शाम के शोज में सारी अच्छी सीटें बुक नजर आ रही हैं. जहां साउथ में किसी बॉलीवुड फिल्म ने 200 करोड़ ग्रॉस का आंकड़ा पार नहीं किया था, वहीं धुरंधर 2 सीधा 300 करोड़ का लैंडमार्क पार करने की तरफ बढ़ रही है. जल्द ही ये अवतार 2 को पछाड़कर साउथ में सबसे बड़ी नॉन-साउथ फिल्म बन जाएगी.
सुबोध मिश्रा