रणवीर सिंह की धुरंधर 2 का खुमार जनता पर किस तरह चढ़ा है, इसका सबूत बॉक्स ऑफिस पर नजर आ रहा है. सिर्फ 11 दिनों में वर्ल्डवाइड 1365 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन के साथ धुरंधर 2 बॉलीवुड की सबसे बड़ी फिल्म बन चुकी है. दो रिकॉर्डतोड़ वीकेंड थिएटर्स में बिता चुकी ये फिल्म हफ्ते के कामकाजी दिनों में भी ऐसी भीड़ जुटा रही है कि अगले कुछ दिनों में तो ये स्लो नहीं पड़ने वाली.
कई सालों बाद ट्रेड को ये उम्मीद बंधने लगी है कि 10 साल बाद दंगल (2016) का सबसे बड़ी इंडियन फिल्म का रिकॉर्ड खतरे में है. लेकिन धुरंधर 2 के शानदार बिजनेस का सबसे बड़ा सबूत सिर्फ दंगल के रिकॉर्ड को चैलेंज करना नहीं है. सबसे दिलचस्प कहानी ये है कि रणवीर सिंह की धुरंधर 2 बिना दो बड़ी मार्केट्स में रिलीज हुए दंगल का रिकॉर्ड चैलेंज कर रही है— चीन और खाड़ी देश (GCC).
भारतीय फिल्मों के लिए क्यों महत्वपूर्ण हैं चीन और गल्फ?
युद्ध में फंसे मिडल ईस्ट के देश बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (GCC) का हिस्सा हैं. इन देशों में रहने वाले भारतीयों की गिनती अच्छी-खासी बड़ी है, जिसकी वजह से भारतीय फिल्मों को यहां से तगड़ी कमाई होती है.
इसी तरह चीन में भी भारतीय फिल्मों को अच्छी ऑडियंस मिलती है. लेकिन उसकी वजह इमोशनल कनेक्शन और सिनेमैटिक सेंस ज्यादा है, चीन में भारत कनेक्शन वाले लोग नहीं. अभी तक आमिर खान की दंगल करीब 2070 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन के साथ सबसे बड़ी भारतीय फिल्म है. लेकिन दंगल की इस कमाई में चीन और गल्फ का बहुत बड़ा रोल है.
दंगल के टोटल कलेक्शन में 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा कलेक्शन ओवरसीज मार्केट से आया था. इसमें सिर्फ चीन से ही फिल्म ने 1300 करोड़ से ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन और GCC से 60 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन किया था. सैकनिल्क का डेटा बताता है कि दंगल के टोटल वर्ल्डवाइड कलेक्शन में भारत के ग्रॉस कलेक्शन का हिस्सा 26% से थोड़ा कम था. धुरंधर 2 को चीन में रिलीज मिलेगी भी या नहीं, ये बाद में पता चलेगा. इसका सरासर एंटी-पाकिस्तान होना चीन रिलीज के आड़े आ सकता है.
ओवरसीज मार्केट में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में सबसे ऊपर शाहरुख खान की पठान (2023) है. इसने 49.30 मिलियन डॉलर यानी करीब 400 करोड़ का ओवरसीज बिजनेस किया था. इसमें 115 करोड़ से ज्यादा हिस्सा GCC से आया था. जबकि यूएस से पठान का कलेक्शन 144 करोड़ के करीब था. यानी गल्फ कलेक्शन और यूएस कलेक्शन में खास अंतर नहीं था, जो बहुत कम होता है. शाहरुख की फिल्म वहां सबसे कमाऊ इंडियन फिल्म है.
बिना गल्फ और चीन के धुरंधर ने किया कमाल
धुरंधर (पहला पार्ट) GCC में रिलीज नहीं हुआ था, क्योंकि पिछले कुछ सालों से पाकिस्तान पर आक्रामक तेवर रखने वाली भारतीय फिल्मों को वहां रिलीज की इजाजत नहीं मिलती. इसीलिए धुरंधर 2 भी GCC में नहीं पहुंची. फिर भी ये ओवरसीज में सबसे कमाऊ भारतीय फिल्मों की टॉप 5 लिस्ट में जगह बना चुकी है. लिस्ट देखें (डॉलर्स में):
1. पठान- 49.30 मिलियन
2. जवान- 48 मिलियन
3. बाहुबली 2- 46.98 मिलियन
4. धुरंधर 2- 32.70 मिलियन
5. धुरंधर- 32.60 मिलियन
लेकिन अगर GCC देशों की कमाई हटाकर देखें, तो धुरंधर 2 सिर्फ 11 दिनों में बाहुबली 2 और पठान के बहुत करीब पहुंच चुकी है. बिना GCC की कमाई जोड़े, ओवरसीज में सबसे कमाऊ भारतीय फिल्मों की टॉप 5 लिस्ट ऐसी होगी:
1. बाहुबली 2- 36.65 मिलियन
2. पठान- 35.10 मिलियन
3. धुरंधर 2- 32.70 मिलियन
4. धुरंधर- 32.60 मिलियन
5. जवान- 30.30 मिलियन
लेकिन चीन और GCC के बिना धुरंधर 2 कैसे दंगल के 2000 करोड़ वर्ल्डवाइड कलेक्शन के पीछे पड़ी है, ये भी बहुत दिलचस्प कहानी है. रणवीर सिंह की फिल्म जिन ओवरसीज मार्केट्स में रिलीज हुई है, वहां ये सबसे बड़ी भारतीय फिल्म बनने के रास्ते पर है.
US और UK में धुरंधर 2 टॉप पर!
अमेरिका और कनाडा को एक मार्केट की तरह जोड़कर नॉर्थ अमेरिका बॉक्स ऑफिस कहा जाता है. यहां धुरंधर 2 ने मात्र 9 दिन की कमाई से बाहुबली 2 का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. बाहुबली ने नॉर्थ अमेरिका में 22 मिलियन डॉलर से थोड़ा ज्यादा कलेक्शन किया था. धुरंधर 2 वहां करीब 23 मिलियन डॉलर का बिजनेस कर चुकी है.
एक दिलचस्प बात ये है कि धुरंधर 2 के मेकर्स ने अमेरिका में टिकटों के लिए प्रीमियम रेट्स नहीं रखे, जबकि तेलुगु फिल्में अक्सर वहां ये काम करती हैं. लेकिन रेट्स कम होने के बावजूद धुरंधर 2 को वहां इतनी कमाई इसलिए मिल रही है क्योंकि इससे फुटफॉल बढ़ रहा है. ऊपर से यूएस में भारतीय और पाकिस्तानी इतने हैं कि अमेरिकन्स को भी दोनों देशों के विवादों में दिलचस्पी रहती है.
साथ ही एक्शन और आदित्य धर की फिल्ममेकिंग हॉलीवुड ऑडियंस को भी खूब अपील कर रही है. इसी वजह से यूके में भी धुरंधर 2 को तगड़ी ऑडियंस मिल रही है. यूके में धुरंधर 2 ने सिर्फ 10 दिनों में 3.21 मिलियन पाउंड्स का बिजनेस किया है. वहां ये सिर्फ पठान के कलेक्शन 4.38 मिलियन पाउंड्स से पीछे है.
ऑस्ट्रेलिया से जर्मनी तक धुरंधर 2 का जलवा
ऑस्ट्रेलिया में धुरंधर 2 ने 6.37 मिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर का बिजनेस किया है. सिर्फ 11 दिनों में इसने वहां सबसे कमाऊ इंडियन फिल्म रही धुरंधर (पार्ट 1) को पीछे छोड़ दिया है, जिसका ग्रॉस कलेक्शन करीब 6 मिलियन था.
न्यूजीलैंड में धुरंधर 2 988K डॉलर के साथ दूसरी सबसे बड़ी इंडियन फिल्म है. जल्दी ही वहां एक मिलियन डॉलर क्रॉस कर लेगी, जो अभी तक सिर्फ पठान ने किया है. रणवीर सिंह की फिल्म न्यूजीलैंड में पठान को पीछे छोड़ने की तरफ बढ़ रही है.
जर्मनी में 905K यूरो के साथ धुरंधर 2 सिर्फ 11 दिनों में सबसे बड़ी इंडियन फिल्म बन गई है. वहां इसने पठान, जवान जैसी बड़ी फिल्मों को बहुत पीछे छोड़ दिया है. इसी तरह हांगकांग और सिंगापुर में भी धुरंधर 2 सारे टॉप रिकॉर्ड्स के पीछे पड़ी है.
इन विदेशी मार्केट्स के साथ धुरंधर 2 भारत में भी सारी रिकॉर्ड होल्डर फिल्मों को टारगेट करने में लगी है. पुष्पा 2 ने भारत में 1470 करोड़ से और बाहुबली 2 ने 1416 करोड़ से थोड़ा ज्यादा इंडिया ग्रॉस कलेक्शन किया था. धुरंधर 2 सिर्फ 11 दिनों में 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है. यानी भारत से विदेशों तक जहां भी धुरंधर 2 रिलीज हुई है, वहां इतना तगड़ा बिजनेस कर रही है कि चीन और GCC के बिना ही ये 2000 करोड़ तक पहुंच सकती है. ये बताता है कि अगर स्टोरीटेलिंग दमदार हो, तो भारतीय फिल्में इतना तगड़ा कमाल कर सकती हैं कि पिछले सारे रिकॉर्ड धुआं हो सकते हैं.
सुबोध मिश्रा