धुरंधर 2 में 'बड़े साहब' के तौर पर दानिश इकबाल के किरदार को खूब सुर्खियां मिल रही हैं. इस समय हर तरफ से इस एक्टर की तारीफ हो रही है. आम लोगों से लेकर फेमस हस्तियों तक, हर कोई उनके बदले हुए रूप और उनकी एक्टिंग का दीवाना हो गया है, इसमें एक नाम रणवीर सिंह का भी शामिल है.
हाल ही में दानिश इकबाल ने बताया कि स्क्रीन पर उनके इस जबरदस्त बदलाव को देखकर उनके साथ काम करने वाले कलाकारों जिनमें रणवीर सिंह भी शामिल हैं, उनका क्या रिएक्शन था.
टाइम्स नाउ के साथ बातचीत में, दानिश इकबाल ने कहा, 'जब वह सीन शूट हो रहा था, तो उन्होंने मुझे देखा, और सेट पर मौजूद हर कोई हैरान होकर बोला, 'हे भगवान, यह क्या है?' मेकअप से पहले उन्होंने मुझे देखा था. फिर मेकअप के बाद जब उन्होंने मुझे देखा, तो सब हैरान होकर बोले, 'यह क्या हो गया?' वे सभी प्रोफेशनल एक्टर हैं. वे जानते हैं कि इतना ज्यादा मेकअप करने के लिए कितनी मेहनत और तैयारी की जरूरत होती है.'
उन्होंने रणवीर सिंह के व्यवहार की तारीफ करते हुए यह भी कहा, 'वह आपको कभी यह महसूस नहीं होने देंगे कि वह रणवीर सिंह हैं और आप उनके साथ कोई सीन कर रहे हैं, भले ही आप उनके साथ सिर्फ एक या दो दिन ही काम कर रहे हों. उनके साथ ऐसा कुछ भी नहीं है. उनके साथ काम करना बिल्कुल बराबरी का अनुभव होता है.'
दानिश को रोल का नहीं पता था
दानिश इकबाल ने बताया कि उन्हें पता ही नहीं था कि रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' में वह 'बड़े साहब' का किरदार निभा रहे हैं.
इससे पहले उन्होंने कहा था, 'मैं आपको बता दूं, 'बड़े साहब' के बारे में कभी कोई बात ही नहीं हुई थी. मेरा मतलब है, करीब दो महीने पहले तक तो मुझे भी यह पता नहीं था कि मैं 'बड़े साहब' का किरदार निभा रहा हूं. मुझे भी इस बात पर शक था. आदित्य (डायरेक्टर) ने इस बात को लेकर इतनी ज्यादा गोपनीयता बरती थी कि उन्होंने कई बातें अपने तक ही सीमित रखी थीं. हां, मुझे यह जरूर पता था कि मैं 'दाऊद' का किरदार निभा रहा हूं. लेकिन 'दाऊद' ही 'बड़े साहब' हैं, इस बात को लेकर मैं भी 100% पक्का नहीं था.'
'सेट पर हर कोई मुझे 'दाऊद भाई' या 'साहब' कहकर ही बुलाता था. मेरे किरदार के बारे में किसी ने भी मुझसे कोई बात नहीं की थी. इसलिए, अपने सभी सीन्स में मैं ही लगातार बोलता रहता था.'
धुरंधर 2 को मिल रही है तारीफ
बॉलीवुड से लेकर साउथ के एक्टर्स तक, हर कोई इस फिल्म और एक्टर की परफॉर्मेंस की तारीफ कर रहा है. अल्लू अर्जुन, विजय देवरकोंडा और महेश बाबू के बाद अब ऋषभ शेट्टी भी इस बढ़ती हुई तारीफ करने वालों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं. उन्होंने लिखा, “धुरंधर: द रिवेंज का पहला ही सीन आपको अपनी तरफ खींच लेता है और फिर जाने नहीं देता. हर फ़्रेम युद्ध के नगाड़े की तरह असर करता है. यह सिर्फ एक सीक्वल नहीं है; यह एक बयान है. शानदार कहानी, भाई, मुझे इसकी बारीकियां बहुत पसंद आईं.'
यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है, क्योंकि इसने एक ही दिन में ₹100 करोड़ का नेट कलेक्शन करके इतिहास रच दिया है. इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ-साथ आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कई बेहतरीन कलाकार शामिल हैं.
aajtak.in