अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला 12 दिन बाद भी जनता की फेवरेट बनी हुई है. कॉमेडी फिल्मों के उस्ताद डायरेक्टर प्रियदर्शन के साथ अक्षय का रीयूनियन जनता को खूब एंटरटेन कर रहा है. पहले दिन से ही भूत बंगला के लिए दर्शकों में एक्साइटमेंट नजर आ रही है.
पिछले कई सालों से अक्षय की फिल्में पहले हफ्ते के बाद बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाने में फेल हो रही थीं. लेकिन भूत बंगला उनके लिए बड़ी हिट बनकर आई है और हफ्ते के कामकाजी दिनों में भी जनता इस फिल्म के टिकट खूब खरीद रही है. खासकर, फैमिली ऑडियंस के लिए भूत बंगला लंबे समय बाद आउटिंग का एक बढ़िया ऑप्शन बनी है जिसकी वजह से बॉक्स ऑफिस पर फिल्म दमदार बनी हुई है.
भूत बंगला के लिए जंप लाया दूसरा मंगलवार
पहले वीकेंड में ही 95 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन के साथ बॉक्स ऑफिस पर भूत बंगला ने धाक जमा दी थी. 26 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन के साथ इस फिल्म ने अक्षय को ऐसे सेकंड वीकेंड कलेक्शन दिया जो उन्होंने 2021 में आई सूर्यवंशी के बाद से नहीं देखा है. दूसरा सोमवार फिल्मों का कड़ा टेस्ट लेता है, लेकिन शानदार होल्ड के साथ भूत बंगला ने 3.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया. मंडे कलेक्शन से तय हो गया कि अक्षय की फिल्म अभी स्लो नहीं पड़ने वाली.
अब सैकनिल्क के आंकड़े बता रहे हैं कि मंगलवार को भूत बंगला ने 4.35 करोड़ नेट कलेक्शन किया है. ये सोमवार के मुकाबले करीब 20% का जंप है. मंगलवार को थिएटर्स में चलने वाले ब्लॉकबस्टर ट्यूस्डे ऑफर ने भूत बंगला को दमदार कलेक्शन करवाया है, जिससे फिल्म का सेकंड वीक कलेक्शन बढ़ेगा. फिलहाल 12 दिनों में भूत बंगला का टोटल नेट कलेक्शन 130 करोड़ तक पहुंच चुका है.
बड़े लाइफटाइम टोटल के लिए तैयार भूत बंगला
बॉक्स ऑफिस ट्रेंड बता रहा है कि भूत बंगला दूसरे हफ्ते के अंत तक 136-137 करोड़ तक कलेक्शन कर लेगी. शुक्रवार को कोई बड़ी हिंदी फिल्म रिलीज के लिए शेड्यूल नहीं है इसलिए भूत बंगला को अभी कोई बड़ा चैलेंज नहीं मिलने वाला. आने वाले वीकेंड के अंत में फिल्म का टोटल कलेक्शन 150 करोड़ तक जा सकता है. इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि भूत बंगला का लाइफटाइम कलेक्शन 160 करोड़ तक पहुंचने के लिए तैयार है.
सूर्यवंशी के बाद से अक्षय के खाते में 160 करोड़ तक पहुंचने वाली फिल्म, पिछले साल आई हाउसफुल 5 ही है. भूत बंगला इसके टोटल कलेक्शन को पार करके, करीब पिछले 5 सालों में अक्षय की सबसे बड़ी फिल्म बनने के लिए तैयार है. अक्षय ने 2010 के बाद प्रियदर्शन के साथ काम नहीं किया था. फैन्स में लंबे समय से इन दोनों की कॉमेडी फिल्म देखने की चाह थी. अक्षय ने फाइनली फैन्स की बात सुनी और इसी का नतीजा है कि अब भूत बंगला लंबे वक्त बाद उनके लिए एक बड़ी हिट लेकर आई है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क