अपनी मधुर गायकी से लोगों के दिलों में बसने वाली आशा भोसले अब इस दुनिया से रुख्सत हो गई हैं. उनका जाना हिंदी सिनेमा के लिए एक ऐसा नुकसान है, जिसकी कभी भरपाई नहीं हो सकती. कई दशकों तक उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में राज किया है. हर किसी के दिल को अपनी रुहानी आवाज से छुआ. दुनियाभर के लोग उनकी गायकी के मुरीद हैं.
जब आशा भोसले ने बताई आखिरी इच्छा
आशा भोसले के निधन के बाद अब उनका एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जब उन्होंने अपनी आखिरी इच्छा बताई थी. दरअसल, करीब एक साल पहले आशा भोसले एक्ट्रेस अमृता राव और आरजे अनमोल के पॉडकास्ट में गेस्ट के तौर पर पहुंची थीं. इस दौरान दिग्गज सिंगर ने बताया था कि वो अपनी जिंदगी के आखिरी पल गाते हुए बिताना चाहती हैं, क्योंकि उनके लिए संगीत सबसे अहम है.
आशा भोसले ने कहा था- मेरी खुद की इच्छा यही है कि मैं गाते-गाते ही चली जाऊं. अब मुझे सीखने का कुछ नहीं है. गाना ही मेरी लाइफ है. बचपन से गाया है. 3 साल की उम्र में क्लासिकल गाया है बाबा का सिखाया हुआ. पूरी जिंदगी इसी में चली गई है. फिल्म लाइन में 80-82 साल हो गए हैं. अभी ये इच्छा है कि गाते-गाते मेरा दम निकले. मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात से होगी कि मैं गाते-गाते जाऊं.
इमोशनल हुए फैंस
आशा भोसले का ये पुराना वीडियो अब वायरल हो रहा है. उनका वीडियो देख तमाम फैंस इमोशनल नजर आ रहे हैं. फैंस उन्हें नम आंखों से याद कर रहे हैं. आशा भोसले भले ही अब हमारे बीच नहीं रहीं, मगर अपने गानों के जरिए वो फैंस के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगी. उनका जाना हिंदी सिनेमा के लिए किसी काले अंधेरे से कम नहीं है.
बता दें कि आशा भोसले का निधन 12 अप्रैल को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ है. आज 13 अप्रैल को शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
RIP Asha Bhosle
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क