अनंत अंबानी के 31वें जन्मदिन की धूम रही. गुजरात के जामनगर में जश्न मना. लेकिन अनंत की ये बर्थडे पार्टी कुछ हटके थी. क्योंकि यहां डांस, गाना हुआ लेकिन फिल्मी गाने नहीं बल्कि भक्ति गीत सुनने को मिले. अनंत की इस डिवोशनल पार्टी में भक्ति का रस ऐसा छलका कि फिल्मी सितारे भी खुद को झूमने से रोक नहीं पाए. इंटरनेट पर कई वीडियो सामने आए हैं.
अनंत के बर्थडे पर चढ़ा भक्ति का रंग
अंबानी परिवार के साथ रणवीर सिंह, शाहरुख खान, गौरी खान, जाह्नवी कपूर और अनन्या पांडे सभी भक्ति के रंग में रंगे दिखे. कृष्ण-राधा के भजन हो या मां अंबे के गीत, जामनगर में हुआ अनंत का ये भक्ति से सराबोर जन्मदिन कई सालों तक याद रखा जाएगा. एक वीडियो सामने आया है जिसमें कृष्ण के भजन पर सभी तालियां बजाते हुए झूम रहे हैं. अनंत अंबानी और रणवीर सिंह साथ में डांस कर रहे हैं. शाहरुख खान और गौरी खान की भी झलक देखने को मिलती है. वो भी भक्ति में रंगे दिखे. राधिका मर्चेंट, अनन्या पांडे और ईशा अंबानी भी वीडियो में नजर आईं. फैंस ने इस वीडियो पर जमकर प्यार लुटाया है. पार्टी में पहुंचे सभी गेस्ट ट्रैडिशनल आउटफिट में दिखे.
सेलेब्स ने अंबे मां के गाने गरबा किया. नीता अंबानी की चेहरे पर खुशी साफ झलकी. जाह्नवी कपूर और अनन्या पांडे ने भी अंबानी परिवार संग गरबा किया. वीडियो में रणवीर सिंह भी नजर आते हैं. राधिका और ईशा ने कीकली खेली. कैलाश खेर ने बर्थडे पार्टी में समां बांधा. उन्होंने शिव के गाने गाए. महादेव की भक्ति में नीता अंबानी रमी हुई दिखीं. सिंगर मैथिली ठाकुर और हंसराज रघुवंशी ने भी अनंत अंबानी की बर्थडे पार्टी में भक्ति गीत गाकर सबको मंत्रमुग्ध किया. पूरे फंक्शन में धुरंधर स्टार रणवीर सिंह का जोश सबसे हाई दिखा. अपनी दमदार एनर्जी के लिए फेमस रणवीर यहां भी एनर्जेटिक दिखे.
अपने 31वें जन्मदिन के मौके पर अनंत ने दान-पुण्य भी किए. उन्होंने 1 लाख से ज्यादा गायों को छप्पन भोग अर्पित किया. जयपुर में 100 से ज्यादा हाथियों के लिए भव्य बुफे लगाया गया. जिसमें फलों की अलग-अलग वैरायटी शामिल थी. अनंत ने कई मंदिरों को करोड़ों का दान किया. इसके अलावा फ्री खाने की सेवाएं भी दीं. कई स्कूलों के बच्चों को स्कूल किट देने के साथ खाना खिलाया. फैंस ने अनंत के नेक कामों की तारीफ की.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क