अभिषेक बच्चन बचपन से ही फैनडम के बारे में अच्छी तरह जानते हैं. उनके पेरेंट्स जया बच्चन और अमिताभ बच्चन लंबे वक्त से आइकॉन रहे हैं. अभिषेक अपने पेरेंट्स का स्टारडम देखकर बड़े हुए. बाद में उन्होंने ग्लोबल स्टार ऐश्वर्या राय से शादी की. अपने नए इंटरव्यू में अभिषेक ने बताया कि क्या इससे उन्हें कभी भी इनसिक्योर महसूस हुआ था.
ऐश्वर्या से इनसिक्योर हैं अभिषेक?
हाल ही में यूट्यूबर लिली सिंह के साथ एक बातचीत में अभिषेक बच्चन ने बताया कि रिश्तों में बराबरी का भाव उन्होंने बचपन से ही सीखा है. अपनी मां जया बच्चन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि शादी के समय उनकी मां उनके पिता से कहीं ज्यादा बड़ी स्टार थीं. ऐसे में एक्टर अपनी पत्नी से इनसिक्योर बिल्कुल नहीं हैं. अभिषेक ने कहा, 'मेरे घर में भी यही था. जब मेरे माता-पिता की शादी हुई, तब मेरी मां मेरे पिता से बहुत बड़ी स्टार थीं. इसलिए मेरे लिए यह कोई अनोखी बात नहीं थी. मुझे ऐसा नहीं सिखाया गया कि आपको हमेशा डोमिनेंट होना है. यह हमेशा पार्टनरशिप के बारे में था.'
घर में 'मर्द-औरत' जैसा कुछ नहीं
एक्टर ने आगे बताया कि उनके और ऐश्वर्या के बीच 'घर का मर्द' होने की कोई चर्चा कभी नहीं हुई. उन्होंने कहा कि वे शादी से बहुत पहले से एक-दूसरे को जानते थे. अभिषेक ने कहा, 'मैं ऐश्वर्या को अपने करियर की शुरुआत से जानता हूं. मेरी दूसरी फिल्म ही उनके साथ थी और वे वो एकमात्र एक्ट्रेस हैं जिनके साथ मैंने सबसे ज्यादा काम किया है. उस समय हम रिलेशनशिप में नहीं थे, हम बस अच्छे दोस्त थे. जब आखिरकार हम साथ आए, तब भी हमारी कोर्टशिप, एंगेजमेंट और शादी के दौरान हमेशा पार्टनरशिप का ही भाव रहा. कभी ऐसा नहीं था कि मैं रोजी-रोटी कमाऊंगा और तुम घर संभालोगी. यह बात कभी चर्चा में भी नहीं आई. यह सब बहुत स्वाभाविक रूप से चलता है.'
अपनी बेटी आराध्या की पेरेंटिंग के बारे में बात करते हुए अभिषेक ने कहा, 'मेरे घर में हम दोनों माता-पिता के रूप में आराध्या के लिए सबसे अच्छा उदाहरण बनने की कोशिश करते हैं, बजाय यह बताने के कि क्या सही है और क्या गलत. हम मानते हैं कि खुद वैसा बनकर दिखाना चाहिए. कभी ऐसा नहीं रहा कि 'ठीक है, मैं उसे सेल्फ-डिफेंस सिखाऊंगा'. अगर आप मेरी पत्नी को देखें तो वह खुद की देखभाल खुद कर सकती हैं. कभी भी यह बंटवारा नहीं रहा कि 'मैं उसे सेल्फ-डिफेंस सिखाऊंगा, तुम उसे सहानुभूति सिखाना'. नहीं, ऐसा कुछ नहीं है.'
अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय ने साल 2007 में शादी की थी. इसके कुछ साल बाद 2011 में उनकी बेटी आराध्या बच्चन का जन्म हुआ. दोनों मिलकर अपने करियर पास फोकस कर रहे हैं और साथ ही बेटी की परवरिश भी कर रहे हैं. अभिषेक को जल्द ही फिल्म 'राजा शिवाजी' में नजर आने वाले हैं. इसके जरिए वो मराठी सिनेमा में डेब्यू कर रहे हैं. पिक्चर 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
aajtak.in