राज्यसभा चुनाव: क्रॉस-वोटिंग के डर से ओडिशा कांग्रेस ने 8 विधायकों को बेंगलुरु भेजा

कांग्रेस के जिन विधायकों को बेंगलुरु भेजा गया है, उनमें पार्टी के चीफ व्हिप सीएस राजेन एक्का, प्रफुल्ल प्रधान, मंगु खिला, अशोक दास, पवित्र साउंता, राजन एक्का और कद्रका अप्पाला स्वामी शामिल हैं. पार्टी सूत्रों के अनुसार, चार और विधायक शनिवार सुबह तक बेंगलुरु पहुंच सकते हैं.

Advertisement
बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व की तरफ से इस पर निगरानी रखी जा रही है. (Photo: Representational) बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व की तरफ से इस पर निगरानी रखी जा रही है. (Photo: Representational)

सगाय राज

  • बेंगलुरु,
  • 13 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 4:00 PM IST

राज्यसभा चुनाव से पहले ओडिशा की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. क्रॉस वोटिंग की आशंका के बीच कांग्रेस ने अपने आठ विधायकों को कर्नाटक के बेंगलुरु भेज दिया है. पार्टी नेताओं का कहना है कि विधायकों को संभावित ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है.

कांग्रेस विधायक दल के नेता रामचंद्र कदम ने शुक्रवार को पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी के आठ विधायक बेंगलुरु के बाहरी इलाके में एक रिसॉर्ट में ठहराए गए हैं. उन्होंने कहा, 'हमारे विधायकों को बीजेपी की ओर से संभावित खरीद-फरोख्त के प्रयासों से बचाने के लिए उन्हें वहां रखा गया है. कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट हैं.'

Advertisement

कांग्रेस के जिन विधायकों को बेंगलुरु भेजा गया है, उनमें पार्टी के चीफ व्हिप सीएस राजेन एक्का, प्रफुल्ल प्रधान, मंगु खिला, अशोक दास, पवित्र साउंता, राजन एक्का और कद्रका अप्पाला स्वामी शामिल हैं. पार्टी सूत्रों के अनुसार, चार और विधायक शनिवार सुबह तक बेंगलुरु पहुंच सकते हैं.

सूत्रों का कहना है कि इन विधायकों की वापसी सोमवार को भुवनेश्वर में होगी और वे सीधे विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा चुनाव में दत्तेश्वर होता के पक्ष में मतदान करेंगे. दत्तेश्वर होता को बीजद ने उम्मीदवार बनाया है और कांग्रेस उनका समर्थन कर रही है.

उधर, मुख्य विपक्षी दल बीजद ने भी अपने सभी विधायकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. पार्टी प्रमुख नवीन पटनायक ने शुक्रवार से रविवार तक हर शाम 5:30 बजे से 7:30 बजे तक अपने आवास ‘नवीन निवास’ पर विधायकों की प्राथमिक बैठक बुलाई है.

Advertisement

इस बीच कांग्रेस की विधायक सोफिया फिरदौस ने कहा कि उन्हें विधायकों के बेंगलुरु जाने की जानकारी नहीं है और उन्हें कहीं जाने की जरूरत नहीं है.

राज्यसभा की चार सीटों पर मुकाबला

ओडिशा से राज्यसभा की चार सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होना है और कुल पांच उम्मीदवार मैदान में हैं. 147 सदस्यीय विधानसभा में बीजद के पास 48 विधायक हैं, जबकि भाजपा के पास 79 विधायक और तीन निर्दलीयों का समर्थन है.

भाजपा ने अपने प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल और मौजूदा सांसद सुजीत कुमार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि पार्टी ने निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय का भी समर्थन किया है.

बीजद ने संत्रुप्त मिश्रा और दत्तेश्वर होता को उम्मीदवार बनाया है, जिनमें से होता को कांग्रेस का समर्थन मिला है. माना जा रहा है कि चौथी सीट के लिए असली मुकाबला दिलीप राय और दत्तेश्वर होता के बीच है.

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, कांग्रेस और बीजद का साथ आना ओडिशा की राजनीति में अहम संकेत माना जा रहा है, क्योंकि 26 साल पहले बीजद ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया था और तब से दोनों दल राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी रहे हैं.

बता दें कि भाजपा के पास 82 विधायकों का समर्थन है, जो तीन सीटें जीतने के लिए आवश्यक संख्या से आठ कम है. वहीं बीजद एक सीट जीतने के बाद दूसरी सीट के लिए अतिरिक्त वोटों की तलाश में है. कांग्रेस के 14 और सीपीएम के एक विधायक का समर्थन इस समीकरण को दिलचस्प बना रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement