बिहार में लोकसभा चुनाव की सीटों को लेकर एनडीए में बातचीत का सिलसिला जारी है. दरअसल, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया ने बीजेपी से 6 सीटों की मांग की है. सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी चिराग को एनडीए में बनाए रखना चाहती है और आगामी चुनाव में चिराग पासवान को 5 लोकसभा सीटें दे सकती है. सूत्रों की मानें तो चिराग की एक राज्यसभा सीट की मांग पर लोकसभा चुनाव के बाद फैसला लिया जाएगा.
नीतीश के विदेश से लौटते ही होगा ऐलान
दरअसल बिहार एनडीए में अभी तक सीटों का बंटवारा नहीं हो सका है. कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार, जो इस समय विदेश दौरे पर हैं, उनके स्वदेश लौटते ही शीट शेयरिंग का ऐलान कर दिया जाएगा और 15 मार्च को इसकी घोषणा हो सकती है. चिराग पासवान की मांग है कि 2019 के फॉर्मूले के मुताबिक लोक जनशक्ति पार्टी के 6 सांसद जीते थे तो उसी हिसाब से आगामी लोकसभा चुनाव में भी उनकी पार्टी की दावेदारी 6 सीटों पर है.
यह भी पढ़ें: बीजेपी ने भाव नहीं दिया तो क्या तेजस्वी के साथ होंगे चिराग पासवान?
पशुपति पारस भी मांग रहे 6 सीटें
वहीं, दूसरी तरफ लोजपा प्रमुख और चिराग के चाचा पशुपति पारस दावा कर रहे हैं कि लोक जनशक्ति पार्टी के 6 में से 5 सांसद अब उनके साथ हैं इसलिए 6 सीटों पर उनकी दावेदारी बनती है.चाचा और भतीजे के बीच की जंगचाचा और भतीजे के बीच एक और जंग हाजीपुर लोकसभा सीट को लेकर है, जहां से दोनों चुनाव लड़ना चाहते हैं.
मौजूदा वक्त में पशुपति पारस हाजीपुर से सांसद है. लेकिन चिराग पासवान ने अपने दिवंगत पिता रामविलास पासवान की विरासत का हवाला देते हुए हाजीपुर सीट पर भी दावेदारी ठोकी हुई है. हाजीपुर सीट को भी लेकर चिराग और पशुपति पारस के बीच में तकरार की स्थिति है.
चिराग की समर्थक सांसद का दावा
इस बीच चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से सांसद वीणा देवी ने कहा है कि उनकी पार्टी 6 लोकसभा और एक राज्यसभा सीट से कम में नहीं मानेगी.वैशाली से सांसद वीणा देवी ने शुक्रवार को कहा,'मैं स्थानीय सांसद हूं. मैं तो यहां से चुनाव लडूंगी. मेरे नेता चिराग पासवान हैं, जो की लोकप्रिय नेता हैं. हम चिराग पासवान के साथ हैं, उनसे बात चल रही है. 6 लोकसभा और 1 राज्यसभा सीट तो हम लेकर ही रहेंगे.'
यह भी पढ़ें: परिवारवाद पर मोदी बनाम लालू से गरमाई बिहार की सियासत, चिराग और पारस पासवान के बीच में भी जंग तेज
चिराग पर 'INDIA' की भी नजर
उधर नीतीश कुमार के वापस एनडीए में आ जाने के बाद सीट शेयरिंग का मामला चिराग पासवान के लिए ज्यादा गड़बड़ा गया है. खबर है कि चिराग पासवान पर अब महागठबंधन भी डोरे डाल रहा है और इस कोशिश में लगा हुआ है कि चिराग बिहार महागठबंधन का हिस्सा बन जाए. खबर है कि बिहार महागठबंधन में शामिल होने के लिए चिराग पासवान को आठ लोकसभा सीट देने का और उत्तर प्रदेश में दो लोकसभा सीट देने का प्रस्ताव किया गया है.
रोहित कुमार सिंह