'BJP सत्ता में आई तो खत्म होगा गुंडा राज', बंगाल चुनाव में अमित शाह की हुंकार

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ममता सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने दावा किया कि BJP सत्ता में आई तो गुंडा राज और सिंडिकेट राज खत्म कर दिया जाएगा. उन्होंने घुसपैठियों पर कार्रवाई, महिलाओं को भत्ता और मुफ्त यात्रा जैसी कई घोषणाएं भी की हैं.

Advertisement
तेज बारिश में भी लोगों को संबोधित करते रहे गृह मंत्री, महिलाओं को 3000 रुपए देने का वादा. (File Photo: ITG) तेज बारिश में भी लोगों को संबोधित करते रहे गृह मंत्री, महिलाओं को 3000 रुपए देने का वादा. (File Photo: ITG)

aajtak.in

  • कोलकाता,
  • 26 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:15 PM IST

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि यदि बंगाल में BJP सत्ता में आती है, तो 'गुंडा राज' और 'सिंडिकेट राज' को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा. नदिया जिले के तेहट्टा में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने पहले चरण में ही ममता सरकार का सफाया कर दिया है. 

Advertisement

गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि BJP ने 23 अप्रैल को हुए पहले चरण में ही 110 सीटें जीत ली हैं. उन्होंने लोगों से बिना डर के वोट डालने की अपील करते हुए कहा, ''बाहर निकलने और वोट डालने से न डरें. निर्वाचन आयोग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं. कोई भी आपको वोट डालने से नहीं रोक पाएगा.' BJP सरकार बनने पर राज्य में घुसपैठियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई होगी.''

तेहट्टा की सभा के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते भारी भीड़ के बावजूद अमित शाह को अपना भाषण बीच में ही रोकना पड़ा. इसके बाद नदिया के ही रानाघाट में दूसरी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने ममता सरकार पर मवेशी तस्करी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, ''बंगाल में सरकार बनने के बाद मवेशियों तस्करी रोकने के लिए विशेष दस्ता बनाएंगे.''

Advertisement

अमित शाह ने चुनावी वादों की झड़ी लगाते हुए कहा कि BJP की सरकार बनने पर महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को हर महीने 3000 रुपए का भत्ता दिया जाएगा. इसके साथ ही महिलाओं को सभी सरकारी परिवहन में मुफ्त यात्रा की सुविधा भी मिलेगी. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में BJP के सत्ता में आने के बाद समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी, बहुविवाह प्रथा खत्म की जाएगी.

इसके साथ ही तीन तलाक पर लगे प्रतिबंध को सख्ती से लागू किया जाएगा. अमित शाह के इन बयानों के साथ बंगाल का चुनावी मुकाबला और ज्यादा तीखा हो गया है, जहां आरोप-प्रत्यारोप के बीच सभी पार्टियां मतदाताओं को लुभाने में जुटी हैं. रविवार के दिन अमित शाह के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कई जगहों पर रैली की है. इसके साथ ही रोड शो भी किया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement